PMO ने दिया दखल तो शहीद मेजर सतीश के परिवार को मिली 50 लाख की सहायता राशि
जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में शहीद हुए मेजर सतीश दहिया के परिवार को हरियाणा सरकार ने 50 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। हरियाणा सरकार ने यह फैसला पीएमओ की हस्ताक्षेप के बाद लिया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नांगल नुनिया गांव से बिनहारी जाने वाली सड़क और नांगल चौधरी में एक सरकार महाविद्यालय के नाम पर उनके नाम रखे जाने की घोषणा की है। सीएम मनोहर लाल ने कहा है कि शहीद की विधवा सुजाता को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
सीएम महेंद्रगढ़ जिले के बनिहारी गांव में शहीद को श्रद्धांजलि देने गए थे। वहां उन्होंने कहा कि मेजर सतीश दहिया ने सर्वोच्च बलिदान से राज्य का सिर ऊंचा कर दिया है और वह राज्य के लोगों के दिन में बने रहेंगे।
इस मौके पर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बनिहारी गांव में एक व्यायामशाला में बनई जाएगी जो शहीद मेजर के नाम पर होगी। सीएम के साथ शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा, कृषि और कृषक कल्याण मंत्री ओ पी धनखड़, विधानसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव, सांसद धर्मबीर सिंह आदि भी संवेदना प्रकट करने गए थे।
गौरतलब है कि सतीश दहिया 30 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे और हरियाणा के महेंद्रगढ़ के बनिहारी गांव के रहने वाले थे। वह 2009 में सेना में शामिल हुए थे। 14 फरवरी को मेजर सतीश दहिया हंदवाड़ा में आतंकियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन को लीड कर रहे थे। आतंकियों की घेराबंदी करने के बाद मुठभेड़ में पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।





