फलस्तीन में बोले पीएम मोदी – बातचीत से ही स्थायी शांति संभव

तीन देशों की चार दिनी यात्रा पर निकले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर को फलस्तीन पहुंचे। यहां औपचारिक स्वागत के बाद पीएम मोदी ने फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मुलाकात की।
इसके बाद दोनों के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इसके बाद एक साझा बयान जारी करते हुए पीएम मोदी ने फलस्तीन के राष्ट्रपति को उनके द्वारा दिए गए सम्मान के लिए धन्यवाद दिया साथ ही कहा कि फलस्तीन भारत की विदेश नीति में सबसे ऊपर है।
पीएम ने कहा कि हम फलस्तीन में शांति की कामना करते हैं। हमारा मानना है कि स्थायी शांति केवल बातचीत से ही संभव है। कूटनीति और दूरदर्शिता, हिंसा और इतिहास के बोझ को खत्म कर सकती है। हमें पता है यह इतना आसान नहीं है लेकिन हम इसके लिए हर संभव कोशिश करेंगे।
कश्मीर के MLA का बयान, मैंने पाक जिंदाबाद के नारे लगाए, ये मेरा निजी मामला
इसके अलावा पीएम मोदी ने भारत-फलस्तीन के बीच छात्रों के एक्सचेंज में छात्रों की संख्या 50 से 100 करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यहां के अस्थिर माहौल में भी फलस्तीनी जनता ने बेहद मजबूत आत्मविश्वास और साहस दिखाया है।
इससे पहले मुलाकात में फलस्तीनी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को ग्रैंड कॉलर ऑफ स्टेट ऑफ फलस्तीन से सम्मानित किया।
यह विदेशी मेहमानों को दिया जाने वाला फलस्तीन का सर्वोच्च सम्मान है। इससे पहले यह सम्मान सउदी के सुल्तान किंग सलमान, बहरीन के राजा किंग हमद और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग को दिया गया था।





