उदयपुर.उदयपुर रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बांसवाड़ा के आदिवासियों के बच्चों को भी वैसी शिक्षा और चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जैसी उदयपुर, अजमेर और जयपुर के लोगों के बच्चों को मिलती है। ये नई टेक्नालॉजी से संभव होगा। हम लाखों किमी ऑप्टिकल फायबर नेटवर्क बिछा रहे हैं। विकास का यह स्वरूप नजर तो नहीं आएगा, लेकिन इसका असर दिखेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अभी बताया कि लाखों गरीब महिलाओं तक गैस का चूल्हा पहुंच गया। एक महिला एक दिन चूल्हे पर खाना बनाती है तो उसके शरीर में चार सौ सिगरेट जितना धुंआ चला जाता है। हमारी पहली ऐसी सरकार है, जो गरीब के घर जाकर उसे चूल्हा पहुंचा रही है। 
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं राजस्थान के अफसरों से आग्रह करूंगा कि वे जीएसटी पर गांवों में पंद्रह दिन का अभियान छोटे व्यापारियों के लाभ के लिए चलाएं। इससे प्रदेश की आय में भी कल्पनाओं से परे लाभ होगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जयपुर की रिंग रोड का जिक्र करते हुए कहा कि पुरानी सरकारों के कई अटके हुए डेड प्रोजेक्ट्स थे, जिन्हें हमने गति दी है। पुरानी सरकार ने प्रोजेक्ट अटकाने के जो पाप किए थे हमने उन डेड बॉडी में प्राण फूंके हैं। जयपुर से दिल्ली का सफर 6 माह में ढाई घंटे में पूरा होगा। कोटा का हैंगिंग ब्रिज ईस्ट और वेस्ट को जोड़ने वाला कॉरिडोर है, जाे विकास के रास्ते खोलेगा।वाला कॉरिडोर है, जाे विकास के रास्ते खोलेगा।
टूरिज्म : राजस्थान के जीवन की बड़ी ताकत
मोदी ने कहा- राजस्थान के जीवन में टूरिज्म की बड़ी ताकत है। दुनियाभर के टूरिस्ट उदयपुर, पुष्कर, जैसलमेर, एकलिंगजी, श्रीनाथजी आते हैं। यहां के हर कोने में टूरिज्म की इनहेंरेंट और मैगनेटिक पावर है। यहां टूरिस्ट यहां के लोगों की जेबें भरने आता है। टूरिज्म एक ऐसा सेक्टर है, जिसमें कम से कम पूंजी निवेश से ज्यादा ज्यादा कमाई होती है। इससे फूल बेचने वाला, रेस्ट हाउस वाला, आॅटो, टेक्सी वाला और चाय बेचने वाला भी कमाता है।
इधर कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने पीएम मोदी के राजस्थान दौरे को प्रदेश वासियों के लिए निराशाजनक बताया है। उनका कहना है कि बाढ़ पीडितों और किसानों को उनसे आशाएं थी, लेकिन सरकार और सीएम प्रधानमंत्री के समक्ष हालातों की पैरवी ठीक से नहीं कर पाए। इस कारण पीएम ने प्रदेश के लिए कोई घोषणा नहीं की।
पायलट ने आरोप लगाए कि चार जिलों में भीषण बाढ़ आई। हजारों परिवार प्रभावित हुए। साथ ही लंबे समय से किसान कर्ज माफी और मुआवजे को लेकर आंदोलनरत है, लेकिन पीएम ने उनके लिए कोई घोषणा नहीं की जबकि दूसरे राज्यों को बाढ़ पैकेज दिए। पायलट बुधवार को भीलवाड़ा दौरे पर रहेंगे। वे आसींद में सवाई भोज मंदिर के महंत भूदेवदास की अंत्येष्टि में शामिल होंगे। वे बिजोलिया भी जाएंगे और विधायक कीर्ति कुमारी के निवास पर उनको श्रद्धांजलि देंगे।
बाढ़ प्रभावितों को हरसंभव सहायता
मोदी ने कहा-पिछले दिनों बाढ़ से देश में लोगों को जानें गंवानी पड़ी। किसानों को नुकसान हुआ। राज्य सरकार ने अपना प्रतिवेदन भारत सरकार को भेजा है। केंद्र की एक कमेटी प्रदेश का दौरा कर चुकी है। मैं राजस्थान के इन बाढ़ पीड़ितों को विश्वास दिलाता हूं कि संकट की इस घड़ी में सरकार आपके साथ खड़ी रहेगी।