PM मोदी और उनके कैबिनेट मंत्रियों ने देश-विदेश की यात्राओं पर खर्च किए 393 करोड़

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके कैबिनेट मंत्रियों ने देश-विदेश की यात्राओं पर गत पांच वित्तीय वर्ष में 393 करोड़ रुपये खर्च किए। यह जानकारी सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी के बाद सामने आई।

शहर के एक आरटीआइ कार्यकर्ता अनिल गलगली ने सूचना के अधिकार के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से यह जानकारी मांगी थी कि प्रधानमंत्री और उनके कैबिनेट साथियों ने फॉरेन ट्रैवल इक्सपेंसेस (एफटीइ) और डोमेस्टिक टै्रवल इक्सपेंसेस (डीटीइ) के तहत मई 2014 से अब तक कितना खर्च किया।

मोदी सरकार ने विदेश यात्रा व्यय पर दिसंबर 2018 में राज्यसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में जानकारी दी थी कि जून 2014 से मोदी की विदेश यात्राओं पर चार्टर्ड फ्लाइट, विमान के रखरखाव तथा हॉटलाइन सुविधाओं के एवज में 2,021 करोड़ रुपये खर्च हुए।

आरटीआइ के जवाब में बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी और उनके कैबिनेट मंत्रियों की विदेश यात्राओं पर 263 करोड़ जबकि देश में की गई यात्राओं पर 18 करोड़ रुपये खर्च हुए। जहां तक राज्य मंत्रियों की बात है तो उनकी विदेश यात्राओं में 29 करोड़ तो देश में की गई यात्राओं पर 53 करोड़ रुपये खर्च हुए।

सरकार की ओर से यात्रा व्यय की जानकारी देते हुए पे एंड अकाउंट ऑफिस ऑफ कैबिनेट अफॉयर्स के सीनियर अकाउंट ऑफिसर सतीश गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री और उनके मंत्रियों की विदेश एवं देश में की गई यात्राओं में वित्त वर्ष 2014-15 से 2018-19 में 393.58 करोड़ रुपये व्यय हुए। कैबिनेट मंत्रियों तथा प्रधानमंत्री की यात्राओं पर 311 करोड़ जबकि राज्य मंत्रियों की देश -विदेश की यात्राओं पर 82 करोड़ रुपये व्यय हुए।

पीएमओ ने कहा कि देश के अंदर प्रधानमंत्री की यात्राओं में होने वाले व्यय का ब्योरा अलग से नहीं रखा जाता, क्योंकि प्रधानमंत्री को अलग-अलग विभागों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेना होता है। इसी तरह प्रधानमंत्री की चुनाव प्रचार से जुड़ी यात्राओं का भी प्रधानमंत्री कार्यालय हिसाब-किताब नहीं रखता है।

पीएमओ की वेबसाइट के मुताबिक, मोदी ने मई 2014 से 22 फरवरी 2019 तक 49 विदेशी दौरे किए। वेबसाइट में 49 विदेश यात्राओं पर चार्टर्ड फ्लाइट पर आए व्यय आदि की जानकारी दी गई है।

Back to top button