PM नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नहीं होंगे शामिल

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आज शाम होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। कयास लगाए जा रहे थे कैप्टन अमरिंदर समारोह में शामिल हो सकते हैं, लेकिन अब यह संभावना समाप्त हो गई है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण दिया गया था। समारोह में कुछ राज्यों को छाेड़कर अधिकतर के शामिल होने की उम्मीद है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने कहा कि सीएम इस समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने इसका कोई खास कारण नहीं बताया।
प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रमुख नेताओं सहित कई देशों के प्रधानमंत्री और प्रतिनिधि भाग लेंगे। बताया जाता है कि शपथ ग्रहण समाराेह में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाग नहीं लेंगी। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस शासित राज्यों में सिर्फ पंजाब में ही पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा है। पंजाब में कांग्रेस ने 13 सीटों में से आठ पर जीत दर्ज की। इस प्रदर्शन का श्रेय मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को दिया जा रहा है।
कांग्रेस शासित राज्याें में राजस्थान में कांग्रेस कोई सीट नहीं जीेत पाई और मध्यप्रदेश में उसे महज एक सीट मिली। ऐसे में कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में कांग्रेस की पंजाब में जीत ने पार्टी में उनका कद बढ़र दिया है। इस स्थिति में कैप्टन अमरिंदर सिंह का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होने का फैसला कई संकेत देता है।





