आतंकी हाफिज सईद के घर के बाहर धमाका, पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को…

2008 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद के घर के बाहर हुए कार बम धमाका मामले में पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने लाहौर एयरपोर्ट से गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान पीटर पॉल डेविड के रूप में हुई है। उसे कराची जा रहे एक विमान से उतारा गया और अज्ञात स्थान पर पूछताछ के लिए ले जाया गया है।

बताया जा रहा है कि वह हमले में इस्तेमाल हुए कार का मालिक है। डेविड के यात्रा इतिहास से पता चला है कि वह कराची, लाहौर और दुबई के बीच अक्सर यात्रा करता रहा है। पाकिस्तनी मीडिया में आई खबरों के मुताबिक आरोपी जांचकर्ताओं को अपने जवाब से संतुष्ट नहीं कर पाया है कि उसके पाकिस्तान आने और वहां की गई गतिविधियों के पीछे वजह क्या थी।     

लाहौर के जोहर कस्बे में बुधवार को हुए शक्तिशाली कार बम धमाके में 3 लोगों को मौत हो गई तो 21 अन्य घायल हो गए थे। बोर्ड ऑफ रेवेन्यू (BOR) हाउजिंग सोसाइटी में स्थित सईद के घर के बाहर पुलिस नाके के पास यह धमाका हुआ। आतंकी हाफिज सईद के घर की सुरक्षा में जुटे कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। धमाके के असर से सईद के घर की खिड़कियों और दीवारों को नुकसान पहुंचा था। अभी तक किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। 

सुरक्षा एजेंसियां एक अन्य संदिग्ध की तलाश कर रही हैं जो विस्फोटक लदी कार को मौके तक चलाकर ले गया। 2010 में पंजाब प्रांत के गुजरांवाला से चोरी हुई कार को कई बार बेचा गया और डेविड इस कार का आखिरी मालिक था। एक अधिकारी ने कहा कि इंटेलिजेंस एजेंसियों ने एक्साइज डिपार्टमेंट की ओर से मिले रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड के जरिए डेविड की पहचान की और फिर गिरफ्तार किया। 
    
शुरुआती जांच के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि कार बाबू साबू चौराहे से लाहौर में घुसी। हमले के कुछ घंटे पहले ही कार को पुलिसकर्मियों ने जांच के बाद आगे जाने दिया था। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जांच के दौरान कार में विस्फोटक थे या नहीं। माना जा रहा है कि लाहौर में प्रवेश के बाद कार में विस्फोटक लादा गया और फिर इसे जोहर कस्बा ले जाया गया।

Back to top button