PAK: दरगाह के संरक्षक ने 20 लोगों को उतारा मौत के घाट

नई दिल्ली. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की दरगाह पर एक परिवार के छह लोगों सहित 19 लोग मारे गए हैं. अधिकारियों ने घटना का अलग-अलग कारण बताया है.
उपायुक्त लियाकत अली चाठा के अनुसार घटना कल आधी रात के समय लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर सरगोधा जिले के चक-95 गांव में मुहम्मद अली गुज्जर की दरगाह पर हुई. पाकिस्तानी रिपोर्ट के अनुसार, मरने वाले पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले थे.
उन्होंने बताया कि दरगाह से एक महिला भागकर हॉस्पिटल पहुंची और उसी ने सबसे पहले घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने वहीद को उसके पांच सहयोगियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है.
चाठा ने कहा कि लोग इस दरगाह पर अपने पाप धोने के लिए आते हैं और दरगाह की देखरेख करने वालों को खुद की पिटाई करने की इजाजत देते हैं. लेकिन इस मामले में पाप धोने की प्रक्रिया के दौरान जायरीनों को पहले नशीली दवा दी गई और छुरा घोंपा गया तथा डंडों से पिटाई की गई.
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बिलाल इफ्तिखार के अनुसार एक घायल व्यक्ति ने बताया कि दरगाह के कब्जे को लेकर देखरेख करने वालों के दो गुटों में संघर्ष हो गया.





