अब मंत्रिमंडल में फेरबदल के साथ ही रूठों को मनाने का प्रयास भी करेंगी वसुंधरा राजे

जयपुर। वसुंधरा राजे मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर सरगर्मियां और तेज हो गई है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संभावित फेरबदल को लेकर विचार-विमर्श किया। इससे पहले वसुंधरा राजे शुक्रवार शाम संघ कार्यालय गई थी। उन्होंने वहां संघ के क्षेत्रीय प्रचारक दुर्गादास के साथ एक घंटे तक चर्चा की थी। इस दौरान संभावित फेरबदल के दौरान मंत्रिमंडल से हटाए जाने वाले मंत्रियों और नए चेहरों को शामिल करने को लेकर विचार-विमर्श किया। वसुंधरा राजे ने संघ के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी.सतीश के साथ भी संभावित फेरबदल को लेकर चर्चा की।

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सचिवालय ने राजभवन से राज्यपाल कल्याण सिंह के कार्यक्रम की जानकारी कराई है। जिसमें बताया गया कि राज्यपाल रविवार शाम को लखनऊ से जयपुर लौटेंगे। राज्यपाल के जयपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री का उनसे मुलाकात का कार्यक्रम बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से नाराज चल रहे भाजपा विधायकों एवं नेताओं को मनाने के लिए भी कहा है। मुख्यमंत्री ने संघ पदाधिकारियों से भी नाराज नेताओं को मनाने में सहयोग करने का आग्रह किया है। एक तरफ जहां मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर कसरत चल रही है वहीं मंत्रियों ने संगठन के समक्ष अपनी पीड़ा जताते हुए कहा कि अधिकारी हमारे आदेश नहीं मानते। यहां तक की कई बार तो अधिकारी बैठकों में भी शामिल नहीं होते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी.सतीश, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर के समक्ष मंत्रियों ने अपनी पीड़ा जताते हुए कहा कि ‘हमसे परिणाम की उम्मीद की जाती है’ लेकिन हमें काम करने के लिए कभी खुली छूट नहीं मिली।

Back to top button