कोरोना के कहर के बीच भारत में ही रहेंगे न्यूजीलैंड के खिलाड़ी…

आईपीएल के 14वें सीजन में खेल रहे न्यूजीलैंड के क्रिकेटर्स, जो जून में लंदन में भारत के खिलाफ होने वाली वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में न्यूजीलैंड के लिए खेलेंगे, वे अभी भारत में ही रहना चाहते हैं और वे यहीं से ही इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे. न्यूजीलैंड को दो जून से इंग्लैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, इसके बाद वे 18 जून से भारत के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में खेलेंगे.
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन, तेज गेंदबाज काइल जेमिसन और ट्रेंट बोल्ट के साथ-साथ मिशेल सेंटनर का भी टेस्ट टीम में शामिल होना निश्चित है और ये सभी खिलाड़ी अभी आईपीएल में खेल रहे हैं. न्यूजीलैंड क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ हीथ मिल्स ने स्टफ डॉट एनजेड से कहा, ‘हमें उस टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड जाने वाले खिलाड़ी मिल गए हैं.’
हीथ मिल्स ने कहा, ‘वे बहुत अच्छी तरह से घर नहीं आ सकते और ना ही दो सप्ताह तक क्वारनटीन में रह सकते और फिर इंग्लैंड जा सकते. इसलिए वे राउंड-रॉबिन खत्म होने या अंतिम सीरीज तक वहां रहने वाले हैं.’ मिल्स ने कहा कि वे भारत में मौजूद अपने खिलाड़ियों, सदस्य और कोचिंग स्टाफ के साथ संपर्क में है. आईपीएल में इस समय न्यूजीलैंड के 10 खिलाड़ी और सात कोचिंग स्टाफ के सदस्य है.
उन्होंने कहा, ‘वे चिंतित हैं, लेकिन वे ठीक हैं. अब तक किसी ने भी ऐसे संकेत नहीं दिए हैं कि वे स्वदेश लौटना चाहते हैं. इस मुश्किल समय में न्यूजीलैंड लौटना काफी मुश्किल होगा. वे चिंतित जरूर हैं, लेकिन भारत में बायो बबल में सुरक्षित हैं. हमें पूरा विश्वास है कि बीसीसीआई इस मामले को गंभीरता से लेगा और इसका हल करेगा.’





