लड्डू गोपाल के पास कभी न रखें ऐसी चीजें

कई लोगों के घर में लड्डू गोपाल विराजमान होते हैं, और उनकी सेवा एक बालक या फिर घर के सदस्य की तरह ही की जाती है। मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। लड्डू गोपाल को घर में रखने के कई नियम बताए गए हैं। ऐसे में यदि आपके घर में भी लड्डू गोपाल विराजमान हैं, तो इन बातों का जरूर ध्यान रखें।
न रखें ऐसे बर्तन
कई लोग भोग आदि लगाने के बाद जूठे बर्तन आदि मंदिर में ही रखा छोड़ देते हैं। ऐसा माना जाता है कि एक बार भोग लगाने के बाद वह बर्तन जूठा हो जाता है। ऐसी स्थिति में भोग लगाने के बाद उस बर्तन को लड्डू गोपाल के पास से हटा लेना चाहिए। भोग को कान्हा जी के पास 10 मिनट से ज्यादा नहीं रखना चाहिए। नए या फिर धुले हुए बर्तन में ही भोग लगाएं, वरना बाल गोपाल नाराज हो सकते हैं और आपको पूजा का पूर्ण फल प्राप्त नहीं होता।
न रखें ऐसी मूर्तियां
वास्तु के अनुसार अपने घर के मंदिर में या फिर लड्डू गोपाल के पास भूलकर भी खंडित मूर्तियां आदि नहीं रखनी चाहिए। इससे नकारात्मकता पैदा होने लगती है। इसलिए खंडित मूर्तियों को तुरंत लड्डू गोपाल के पास से हटा दें।
इस बात का भी रखें ध्यान
लड्डू गोपाल की सेवा में साफ-सफाई का भी विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए। लड्डू गोपाल के उतारे हुए कपड़ों को धोने के बाद ही दोबारा मंदिर में रखना चाहिए। इसके साथ ही और कोई गंदा कपड़ा भी लड्डू गोपाल के पास नहीं रखना चाहिए। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि लड्डू गोपाल को हमेशा साफ-सुथरे वस्त्र ही पहनाने चाहिए।





