भोपाल/ छिंदवाड़ा.कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने कहा है कि मध्यप्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में किसी एक चेहरे से सफलता नहीं मिल सकती, सबको मिलकर चुनाव लड़ना होगा। तब ही बीते 14 साल में प्रदेश में हुए भ्रष्टाचार को खत्म किया जा सकता है और भाजपा सरकार से निपट सकते हैं।
कमलनाथ ने शुक्रवार को संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा कि कांग्रेस प्रदेश में विधानसभा चुनाव किसी एक चेहरे को सामने रखकर नहीं बल्कि सभी को साथ लेकर लड़ेंगे। कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश की पूरी अर्थव्यवस्था चौपट हो चुकी है। बेरोजगारी सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सिर्फ घोषणा वीर हैं। उनकों हर काम में सिर्फ अपना फोटो नजर आता है। मप्र भ्रष्टाचार में नंबर-वन है। हाल ही में प्याज घोटाला हुआ। व्यापारी रात के अंधेरे में प्याज बेच गए और किसान बेचारा लाइन में ही लगा रहा। इस घोटाले से आज प्याज के दाम चार गुना तक बढ़ गए हैं।
जीएसटी पर हमारी सोच में खोट नहीं
कमलनाथ ने कहा कि जीएसटी से व्यापारी परेशान हैं। जीएसटी की सोच हमारी थी, लेकिन हमारी सोच में खोट नहीं थी। कांग्रेस इसे धीरे-धीरे लागू करने के पक्ष में थी, ताकि व्यापारियों को इसका अनुभव मिल सके। भाजपा की नीयत में शुरू से ही जीएसटी को लेकर खोट थी। इसलिए इसे पूरे देश में एक ही तारीख से लागू कर दिया। भाजपा ने जीडीपी ग्रोथ की बात कह रही है, जबकि सारे आंकड़े बनाए हुए हैं क्योंकि रोजगार नहीं बढ़ा, नया निवेश नहीं आया तो कैसी ग्रोथ। जब में केंद्रीय मंत्री था तब मप्र में सबसे ज्यादा रोजगार आया और उद्योग लगे।