देश के कई जिले हुए कोरोना संक्रमण से मुक्त, सामने आई ये ताजा रिपोर्ट…

 देश में कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार अभी कम नहीं हुई है लेकिन देश का एक हिस्सा ऐसा भी है जहां बीते एक दिन में कोरोना के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि केंद्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पिछले 24 घंटों में कोई नया कोरोना संक्रमण का मामला दर्ज नहीं किया गया है। फिलहाल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कोरोना के कुल 7,541 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि द्वीप समूह में वर्तमान में 4 मरीजों का उपचार चल रहा है। ये सभी दक्षिण अंडमान जिले के हैं। अन्य दो जिले, उत्तर एवं मध्य अंडमान निकोबार संक्रमण मुक्त हैं। अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान एक और मरीज के स्वस्थ होने से संक्रमण से उबरे मरीजों की संख्या 7,405 हो गई है।

अंडमान निकोबार केंद्र शासित प्रदेश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से किसी की मृत्यु नहीं हुई और मृतक संख्या 129 बनी हुई है। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह प्रशासन ने अब तक 4,44,838 नमूनों की जांच की है और संक्रमण दर 1.69 प्रतिशत है। अब तक कुल 2,99,005 लोगों का टीकाकरण हुआ है जिसमें 2,04,558 को पहली खुराक और 94,447 को दोनों खुराक मिल चुकी है। इस केंद्र शासित प्रदेश की कुल आबादी करीब चार लाख है।

केरल से आए आधे से अधिक मामले

देश में 24 घंटों के दौरान कोरोना के 42,982 नए मामले सामने आए हैं। वहीं अकेले केरल से 22,040 नए मामले सामने आए। इस तरह कुल नए मामलों में पचास फीसद से ज्यादा हिस्सेदारी अकेले इसी राज्य की है। इस दौरान देश भर में कोरोना से जहां 533 लोगों की मौत हुई वहीं केरल में 117 लोगों ने जान गंवाई। केरल में अब तक 34.93 लाख लोग इस बीमारी से संक्रमित हो चुके हैं। यह जानकारी एक सरकारी विज्ञप्ति में दी गई।

Back to top button