महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा- नरेंद्र मोदी के आगे विराट कोहली की भी फिटनेस फेल

लखीमपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि विपक्षी दल भाजपा की उपलब्धियों से घबराए हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभामंडल से घबराए हुए हैं। अपनी बात को विस्तार देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि 68 वर्ष की उम्र में भी नरेंद्र मोदी जिस तेजी से काम कर रहे हैं उसके सामने तो क्रिकेटर विराट कोहली की फिटनेस भी फेल है। यही देखकर विपक्षीगण सोच रहे हैं कि अगर मोदी सरकार दोबारा केंद्र में आ गई तो उनका क्या होगा। महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा- नरेंद्र मोदी के आगे विराट कोहली की भी फिटनेस फेल

कांग्रेस ने आजादी के संघर्ष की मलाई खाई

सरस्वती पैलेस में कार्यकर्ता सम्मेलन में स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि पहले एक एजेंडा होता था और जिस पर राजनीतिक दल काम किया करते थे, आज भारतीय राजनीति में फिर एक नए युग का सूत्रपात हो रहा है, पार्टी की उपलब्धियां देखकर जनता पुन: मौका देगी ऐसा उनका विश्वास है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने आजादी के संघर्ष की मलाई खाते हुए काम किया, लेकिन भाजपा ने जनता की सेवा का एक नया युग शुरू किया है। देश में अपराधों पर लगाम कसनी शुरू हो गई है, विकास कार्य अपने चरम पर हैं। भाजपा ने शेर और बकरी को एक घाट पर पानी पिलाने का काम किया है। ताज होटल की घटना की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा की समुद्री सीमा पर भी केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने सुरक्षा के लिए पोस्ट स्थापित किए।

देश हित तक रहा महबूबा का साथ

वहीं कश्मीर का जिक्र करते हुए महेंद्रनाथ ने कहा कि महबूबा सरकार जब तक देश के हित में काम करती रही, तब तक केंद्र सरकार ने उसका साथ दिया और जैसे ही आतंकियों को संरक्षण देने का काम किया सरकार ने समर्थन वापस ले लिया। कहा आज देश का आर्थिक विकास हुआ है। लोगों को रहने के लिए घर मिले हैं। इसके पहले क्षेत्रीय सांसद अजय मिश्र टेनी ने अपने चार वर्ष की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि ब्रॉडगेज रेलवे लाइन के साथ-साथ उन्होंने आने वाली बाढ़ की समस्याओं को भी हल किया है। 

दौलत की बेटी घर मुगलकालीन सामान

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बसपा सुप्रीमो जिन्हे दौलत की बेटी के नाम से भी जाना जाता है ने जब अपना सरकारी बंगला छोड़ा तो उसमें मुगलकालीन सामान मिला। वहीं सपा मुखिया तो अपने बंगले से न जाने क्या-क्या तोड़ ले गए। जनता को ये भी जानने का हक है कि ये सब आखिर आया कहां से था। यहां कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने केवल केंद्र सरकार की उपलब्धियां ही नहीं गिनाईं बल्कि विपक्षी दलों पर भी लमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने वर्ष 2014 में पहले जन भावनाओं को पढ़ा और इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद के लिए गुजरात से नरेंद्र मोदी का नाम प्रस्तावित किया। उस सरकार ने चार साल में देश में विकास की ऊंचाइयों को छुआ। देश का आर्थिक विकास हुआ। योजना आयोग को खत्म करने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए। नीतिगत जड़ता खत्म हुई। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई। लेह लद्दाख में घुसने वाले आतंकियों के दिलों में डर पैदा हुआ। डोकलाम में चीन के कदम पीछे हुए और उसी मजबूती से उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी कदम जमाए हुए हैं। आज हर गांव में मोदी योगी के भरोसे बेघरों को घर मिल रहे हैं और 2022 तक सभी को आवास दिलाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी।

884000 प्रधानमंत्री आवास बनाने का दावा

अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि भाजपा की उपलब्धियों से विपक्षी दल घबराए हुए हैं। माइक पर पहुंचते ही उन्होंने क्षेत्रीय सांसद अजय मिश्र टेनी की तारीफ करते हुए कहा कि आपने क्या कभी ऐसा कोई सांसद देखा है जो हर साल अपनी उपलब्धियां गिनाए और अपनी समीक्षा करता हो, लेकिन सांसद अजय मिश्र टेनी ने विकास के मामले में हम लोगों को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के तीन साल के कार्यकाल में करीब 68 हजार आवास बने और लोगों को मिले, लेकिन प्रदेश की योगी सरकार के सिर्फ 14 माह के कार्यकाल में 884000 प्रधानमंत्री आवास बनकर लोगों को मिले हैं। इससे पहले सांसद अजय मिश्र टेनी ने भी अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 21 कार्यकर्ताओं का दल लेकर के प्रतिनिधिमंडल के तौर पर नेपाल में जो वार्ता की उससे निघासन पलिया की बाढ़ को नियंत्रण करने में सफलता मिली है। 

कार्यकर्ताओं को टोका

भाषण के बीच में कार्यकर्ता सम्मेलन में व्यवधान उत्पन्न कर रहे कार्यकर्ता जो बार-बार बाहर और अंदर आ जा रहे थे उन्हें भी महेंद्र नाथ पांडेय ने टोकते हुए कहा कि वे शालीन होकर बैठे। यदि किसी को जाना है तो कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सब साथ में चलें। बाहर टेंट में भी बैठे रहे कार्यकर्ता सरस्वती पैलेस के हाल में जगह कम होने के कारण प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय के आगमन पर उनके भव्य स्वागत के बाद काफी संख्या में कार्यकर्ता और कुछ विधायक भी निकल कर बाहर टेंट में ही आकर बैठ गए हाल के अंदर पर्याप्त जगह न होने के कारण गर्मी और उमस से परेशान हाल कार्यकर्ता पंखों के सामने बैठे रहे।सरस्वती पैलेस आने से पहले प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे सदर विधायक योगेश वर्मा के कार्यालय का भी उद्घाटन किया उन्होंने कहा कि इस कार्यालय की महती आवश्यकता थी। जनमानस को अपने विधायक से मिलने में आसानी होगी।

Back to top button