लोकसभा चुनाव 2019: हर पोलिंग बूथ पर ये खास व्यवस्था करेगी कांग्रेस, 3 बड़े ऐलान

2019 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह अभियान व पार्टी फंड एकत्र करने का सिलसिला पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती 19 नवंबर तक जारी रहेगा। इस अभियान से कांग्रेस पार्टी को धरातल पर और मजबूती मिलेगी। 9 अक्टूबर को यह अभियान सभी जिलों में शुरू किया जाएगा। हर जिले के समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। अभियान के दौरान मोदी सरकार की विफलताओं को उजागर किया जाएगा। घर-घर जाकर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रचार सामग्री बांटेंगे।
इस दौरान सदस्यता अभियान, 18 से 21 वर्ष के युवाओं को पार्टी सदस्य बनाना, घर-घर जाकर पार्टी के लिए फंड एकत्र करना व स्थानीय नेताओं, प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची बनाना इत्यादि कार्य भी किए जाएंगे। अभियान के तहत जुटाए जाने वाले डाटा को कांग्रेस पार्टी के ‘शक्ति अभियान’ से जोड़ा जाएगा ताकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से लोगों का सीधा संवाद हो सके। प्रदेश में डाटा एकत्रित करने की जिम्मेदारी राजकुमार कटारिया को सौंपी गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव या अन्य प्रतिनिधि हरियाणा में समूचे अभियान की देखरेख करेंगे ताकि मुख्य संगठन, पार्टी के अग्रणी संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों में पूरी तरह संपर्क बना रहे।
उन्होंने बताया कि राज्य में एक करोड़ बूथ सहयोगी बनाए जाएंगे ताकि आगामी चुनावों में हर बूथ पर 10 बूथ सहयोगी तैनात किए जा सकें। ये बूथ सहयोगी 18 और 24 वर्ष के नए मतदाताओं के साथ विशेष रूप से संपर्क करेंगे। इन सहयोगियों को पार्टी की ओर से चंदा एकत्र करने के लिए 50, 100, 500 व 1000 रुपए की रसीद दी जाएंगी।
बूथ सहयोगियों को दी जाएंगी चार पुस्तकें
बूथ सहयोगियों को लोगों को जागरूक करने के लिए चार पुस्तकें दी जाएंगी। इनमें मोदी सरकार की विफलताएं, कांग्रेस की विचारधारा, राष्ट्रीय, राज्यस्तरीय व स्थानीय समस्याओं का उल्लेख और कांग्रेस पार्टी द्वारा दिए जाने वाले विकल्प का विवरण होगा। प्रत्येक बूथ सहयोगी अपने क्षेत्र के कांग्रेस समर्थक, एनजीओ, सहकारी संस्थाओं, दानी, धार्मिक संस्थाओं, भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों, ओपिनियन मेकर्स, व्यापारियों, उनके संगठनों, सामाजिक व सामुदायिक ग्रुपों और स्वयंसेवी महिला संगठनों की सूची तैयार करेगा। अभियान को सफल बनाने के लिए कुछ जिला मुख्यालयों में 6 अक्टूबर और बाकि जिलों में 7 अक्टूबर को बैठकों का आयोजन किया जाएगा।





