Lok Sabha Election 2019: फरीदाबाद में दोपहर 1:00 बजे तक 28.73 फीसद मतदान, 3 बूथों पर कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े

Lok Sabha Election 2019: आम चुनाव-2019 के तहत दिल्ली की सातों सीटों के साथ एनसीआर की तीनों सीटों फरीदाबाद, गुड़गांव और सोनीपत में भी मतदान जारी है। इस बीच फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के बड़खल विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले बूथ नंबर 6,7 और 8 में कुछ देर के लिए पोलिंग रुकी रही, लेकिन अब सामान्य है।
वहीं, फरीदाबाद में दोपहर 1:00 बजे तक 28.73 फीसद मतदान होने की खबर है। लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाली हथीन विधानसभा क्षेत्र में 25.57, होटल में 30.42 और पलवल में 27.4 मतदान हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक, लोकसभा चुनाव के तहत बड़खल विधानसभा क्षेत्र में आने वाले बीएन पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र 6 और 7 पर दोपहर को कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच में तकरार हो गई । भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि कांग्रेस कार्यकर्ता जो एजेंट के रूप में मतदान केंद्र के अंदर थे। वह अंदर वोट डालने के लिए आए मतदाताओं को हाथ का पंजा दिखाकर उन्हें कांग्रेस के समर्थन में वोट डालने के लिए प्रेरित कर रहे थे, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि भाजपा के एजेंट कमल के फूल के निशान वाले पोस्टर झंडे लेकर अंदर बैठे हुए थे। यह मामला बाद में बढ़ गया और मौके पर भाजपा की विधायक सीमा त्रिखा कांग्रेस प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना की बहन दया भड़ाना और धर्मपत्नी ममता भड़ाना पहुंच गईं। इनमें खूब तकरार हुई। मौके पर तैनात पुलिस बल ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। कुछ देर बाद एसीपी गजेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और माहौल को शांत कराया। इस दौरान कुछ देर तक के लिए मतदान रुका रहा। सूचना मिलने पर निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र दहिया, चुनाव आब्जर्वर संजय कुमार और डीसीपी विक्रम कपूर भी मौके पर पहुंच गए।
बता देें कि फरीदाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा के कृष्णपाल गुर्जर, कांग्रेस के अवतार ¨सह भड़ाना, आम आदमी पार्टी के नवीन जयहिंद, बसपा के मनधीर मान और इनेलो के महेंद्र चौहान सहित कुल 27 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें एक महिला प्रत्याशी रूबी भी हैं, जो निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं।
मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा और इसके लिए लोकसभा क्षेत्र में कुल 2042 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि जिले में 1361 मतदान केंद्र हैं। इनमें सर्विस वोटरों की कुल संख्या 6040 है जिसमें पुरुष 5832 तो महिला 208 हैं। इसके अलावा 9 विधानसभा क्षेत्रों में 37 किन्नर मतदाता भी हैं।
चुनाव कराने के लिए 8 हजार से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वोटर स्लिप के पीछे गूगल मैप भी है, जिससे मतदाताओं को बूथ पर पहुंचना आसान होगा। मतदान के समय चुनावी व्यवस्थाओं सहित अन्य शिकायत सी विजिल एप, टोल फ्री नंबर 1950 पर की जा सकती है। मतदान के दिन सुविधा एप पर मतदान प्रक्रिया की पल-पल जानकारी मिलती रहेगी। मतदान केंद्रों की हर दो-दो घंटे की मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी सुविधा एप पर अपलोड करनी होगी। दिव्यांग के लिए मतदान केंद्रों पर रैंप बनाए जाएंगे।
9 विधानसभा क्षेत्रों में 2071851 मतदाता संसदीय क्षेत्र की 9 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2071851 मतदाता हैं, जिनमें 1142942 पुरुष व 928872 महिला मतदाता हैं। इनमें हथीन में 207023, होडल में 177210, पलवल में 222956, पृथला में 186469, एनआइटी फरीदाबाद में 251882, बड़खल में 267436, बल्लभगढ़ में 231115, फरीदाबाद 238070 और तिगांव में 289690 मतदाता हैं।





