पूरे यूपी में रविवार को लॉकडाउन, मास्क नहीं पहनने पर 10,000 रुपए जुर्माना

देश में कोरोना की स्थिति भयावह हो रही है। इस बीच उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। रविवार को पूरे उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन रहेगा। यह ग्रामीण के साथ ही शहरी क्षेत्र में भी लागू होगा। इस दौरान जरूरी सेवाओं की छूट रहेगी। मास्क पहनने पर पूरे यूपी में सख्ती रहेगी। पहली बार बगैर मास्क नहीं पहनने पर 1000 रुपए चालान बनेगा। इसके बाद दूसरी बार पकड़ाए जाने पर 10,000 रुपए का आर्थिक दंड वसूला जाएगा।

आज से दिल्ली-राजस्थान में भी वीकेंड कर्फ्यू, बिहार भी कोरोना की चपेट में

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार रात से वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। यानी शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक दिल्ली में सबकुछ बंद रहेगा। हां, इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी। ऐसा ही ऐलान राजस्थान सरकार ने किया है। यहां शुक्रवार शाम 6 बजे से वीकेंड कर्फ्यू लागू हो जाएगा। जरूरी सेवाओं को छूट रहेगी। वहीं बिहार से खबर आ रह है कि यहां भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटों में बिहार में कोरोना के 6133 नए केस सामने आए हैं और 24 मरीजों की मौत हुई है। अभी बिहार में 29 हजार से अधिक एक्टिव केसेस हैं। सत्तारुढ़ जदयू ने अपना पटना ऑफिस बंद कर दिया है।

केजरीवाल ने किया था वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान, जानिए क्या खुला क्या बंद

कोरोना के गंभीर प्रकोप से जूझ रही राष्ट्रीय राजधानी में उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने डिजिटल पत्रकार वार्ता कर सप्ताहांत (वीकेंड) कर्फ्यू लगाने का एलान किया। उन्होंने कहा कि कार्यदिवस के दौरान लोगों को अपने काम पर जाना पड़ता है, लेकिन सप्ताहांत पर जो लोग घर से बाहर निकलते हैं, उनमें ज्यादातर लोग मनोरंजन या दूसरी गतिविधियों के लिए निकलते हैं, जो रोकी जा सकती हैं। इसलिए कोरोना की चेन तोड़ने के लिए वीकेंड पर कर्फ्यू लगाया जा रहा है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि अभी दिल्ली में कोविड बेड की कमी नहीं है। इस वक्त पांच हजार से ज्यादा बेड उपलब्ध हैं और बड़े स्तर पर बेड बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं। आक्सीजन बेड भी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाएं प्रतिबंध से बाहर रहेंगी। शादी समारोह से जुड़े लोगों को कर्फ्यू पास दिए जाएंगे।

दिल्ली में लगी बंदिशें

– शनिवार सुबह पांच बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक रहेगा सप्ताहांत कर्फ्यू

– मॉल, जिम, स्पा और ऑडिटोरियम भी बंद रहेंगे

– सिनेमा हॉल 30 फीसद क्षमता के साथ खुलेंगे

– आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी, जल्द जारी होगा कर्फ्यू पास

– जोन के हिसाब से प्रतिदिन एक साप्ताहिक बाजार को अनुमति

– रेस्टोरेंट से सिर्फ होम डिलीवरी की इजाजत होगी

इन्हें कर्फ्यू से छूट : भारत सरकार, दिल्ली सरकार, न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी। स्वास्थ्य, अग्निशमन, पुलिस, परिवहन विभाग

– बिजली-पानी, सफाई, गैस आपूर्ति आदि से जुड़े लोग। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया से जुड़े कर्मचारी।

– गर्भवती महिलाओं, मरीजों को भी रियायत। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा से आने-जाने वालों के लिए टिकट ही पास माना जाएगा।

गुरुवार को देश में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले

महाराष्ट्र 61,695

उत्तर प्रदेश 22,339

दिल्ली 16,699

छत्तीसगढ़ 15,526

कर्नाटक 14,738

मध्य प्रदेश 10,166

केरल 8,126

तमिलनाडु 7,987

गुजरात 8,152

राजस्थान 6,658

Back to top button