धुएं की तरह बहता पानी, आकार बदलती चट्टाने!

मध्य प्रदेश में एक ऐसी जगह है, जिसके आगे विदेश के नजारे भी फीके लगते हैं. जबलपुर का भेड़ाघाट है ही इतना सुंदर. संगमरमर की चट्टानें और आसपास हरे-भरे पेड़. जगह इतनी खास है कि कई फिल्में शूट हो चुकी हैं. बोटींग करने के लिए भी लोग इस जगह को बेस्ट मानते हैं. इस घाट की चट्टानों को भी लोग जादुई बताते हैं.
क्यों खास है भेड़ाघाट
भेड़ाघाट पर मौजूद पत्थर समय के साथ चट्टानों में बदल गए हैं. 100 फीट ऊंची चट्टाने इस घाट को खास बनाती हैं. बहते हुए पानी ने इन मार्बल रॉक्स को 5 किलोमीटर की घाटी में बदल दिया है. इन मार्बल पर मैग्नैशियम बहुत ज्यादा है, इसलिए यह पत्थर नर्म है. इस घाट का एक जलप्रपात भी बहुत फेमस है. नाम है धुआंधार जलप्रपात. पानी इतनी तेजी से गिरता है कि धुएं जैसा दिखाई देता है. यहां बहने वाले पानी की आवाज बहुत जोर की आती है. भेड़ाघाट में बना चौसठ योगिनी मंदिर भी खास है. यहां 64 योगिनियों की मूर्तियां हैं.
इतिहासकार ने कही यह बात
इतिहासकार जयंत वर्मा बताते हैं, ‘जो नर्मदा नदी है, वो 2 नदी हैं, जो बंगाल की खाड़ी की जगह अरब सागर में गिरती है. एक ताप्ती और एक है नर्मदा. एक जमाने में यहां फॉल्ट था, जो 2 बन गए. बीच की जमीन रह गई. नर्मदा और ताप्ती दोनों की अरब सागर में जाती है. अरबों साल पहले जो ज्वालामुखी फटा, जो लावा बहा तो उससे एक सॉफ्ट स्टोन बना दिया. यह मार्बल नहीं है.’
आकार बदलने वाली चट्टान
कई फीट ऊंची इन चट्टानों को लोग जादुई बताते हैं. नदी जैसे-जैसे बहती है, चट्टान आकार बदल देती है. यह चट्टाने बाहर से दिखने में काली और अंदर से सफेद होती हैं. रात के समय यहां का नजारा दोगुना खूबसूरत हो जाता है. चांद की रोशनी में संगमरमर बहुत खूबसूरत लगता है. कुछ समय पहले भेड़ाघाट में डायनासोर के अंडे भी मिल चुके हैं.
कई फिल्मों की हो चुकी है शूटिंग
कुछ समय पहले भेड़ाघाट खूब लाइमलाइट में रहा. शाहरुख खान और तापसी पन्नू की फिल्म ‘डंकी’ में इस जगह को देखा गया. इसके अलावा मोहनजोदड़ो , प्राण जाये पर वचन ना जाये, अशोका, जिस देश में गंगा बहती है और बॉबी जैसी फिल्मों की भी यहां शूटिंग हो चुकी है.
भेड़ाघाट कैसे पहुंचे
भेड़ाघाट पहुंचने के लिए आपको जबलपुर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर उतरना होगा. जबलपुर से यह जगह लगभग 25 किलोमीटर दूर है. शहर का अपना एयरपोर्ट भी है. भेड़ाघाट तक जाने के लिए आपके पास रोपवे का ऑप्शन मौजूद है. घाट में बोटींग करने पर नजारों को और करीब से देखा जा सकता है, जिसकी टिकट 200 रुपये है.





