जाने क्यों पुलिसकर्मी ने पकड़ा प्रियंका का कुर्ता…

शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने प्रियंका गांधी के कुर्ते को पकड़ते हुए एक पुलिसकर्मी की तस्वीर को ट्वीट करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार को निशाने पर लेते हुए पूछा है कि क्या उत्तर प्रदेश में कोई महिला पुलिस अधिकारी नहीं है। प्रियंका गांधी पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं संग हाथरस में हुई घटना को लेकर पीड़ित परिवार से मिलने के लिए पहुंची थी, जहां उनके साथ धक्का मुक्की की गई। 

राउत ने ट्वीटर पर एक तस्वीर साझा करते हुए सवाल उठाया। इस तस्वीर में एक पुरुष पुलिस अधिकारी प्रियंका गांधी के कुर्ते को कंधे के पास से पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। राउत ने तस्वीर के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के सवाल किया, ‘क्या योगीजी के राज में महिला पुलिस नहीं है?’

यह तस्वीर शनिवार की है जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल 19 वर्षीय युवती के परिवार से मिलने के अपने दूसरे प्रयास में हाथरस के लिए रवाना हुआ था। गौरतलब है कि हाथरस में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस घटना के बाद से देश में आरोपियों के खिलाफ आक्रोश है। वहीं, विपक्ष सरकार को इस मुद्दे पर घेरने में लगा हुआ है। 
बता दें कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हाथरस के पीड़ित परिवार से मिलने के लिए वहां जाने की अपनी योजना की घोषणा की थी। इस दौरे के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। प्रियंका गांधी ने पीड़िता की मां को सांत्वना दी और कहा कि वे परिवार के साथ अन्याय के विरोध में एकजुट रहेंगी।

प्रियंका ने कहा, परिवार आखिरी बार अपनी बेटी को नहीं देख पाया। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। जब तक न्याय नहीं दिया जाता है, तब तक हम इस लड़ाई को जारी रखेंगे। 

वहीं, राहुल गांधी ने कहा कि राज्य सरकार को दुखी परिवार की रक्षा करनी चाहिए। मैं परिवार के साथ खड़ा हूं। यह राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने इस घटना को लेकर कल देशव्यापी आंदोलन करने की घोषणा की है। 

Back to top button