सपा के गढ़ में चुनावी मंत्र फूंकने आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा….

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बस कुछ ही देर में समाजवादी पार्टी के गढ़ में चुनावी मंत्र फूंकने आ रहे हैं। वह घर-घर लोगों से संपर्क करके चुनावी माहौल बनाएंगे और विधानसभा चुनाव में जुटे कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को जरूरी मंत्र देंगे। इसके लिए इटावा क्लब में तैयारियां पूरी की गई हैं। यहां मौजूद भाजपा पदाधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का इंतजार कर रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन्स के हैलीपेड पर उतरेगा। इसके बाद करीब आधा घंटे वह इटावा क्लब में विधानसभा चुनाव में लगे हुए जिले के सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। बैठक के बाद इटावा विधान सभा के प्रभावी मतदाताओं के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद 20 मिनट तक अंदावा हाउस विधानसभा इटावा में प्रशांत राव चौबे के मकान से जैन मंदिर तक घर-घर संपर्क करेंगे। यहां से औरैया के लिए प्रस्थान करेंगे।

घर-घर संपर्क अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए घर -घर जाएंगे और लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी देकर वोट मांगेंगे। पूरी हुई हर आस, घर-घर हुआ विकास का पंपलेट भी बाटेंगे।भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने प्रवास के दौरान सर्वप्रथम ‘प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम’ के अंतर्गत इटावा क्लब में की-वोटर्स (विभिन्न क्षेत्र के प्रभावी व सामाजिक छवि रखने वाले व्यक्ति) से संवाद करेंगे। तत्पश्चात होटल अमर आशियाना में विधानसभा प्रभारियों, प्रवासियों व पदाधिकारियों से चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। उसके बाद ट्रांसपोर्ट नगर तकिया पर ‘घर-घर संपर्क अभियान’ के अंतर्गत भाजपा के लिए जनसमर्थन की अपील करेंगे।

Back to top button