न्यूयॉर्क: पुलिस में शामिल हुई पहली पगड़ीधारी सिख महिला

अमेरिका के न्यूयॉर्क पुलिस विभाग में पहली पगड़ीधारी महिला सिख सहायक पुलिस अधिकारी को शामिल किया गया है. गुरसोच कौर आग्ज़िल्यरी पुलिस अधिकारी (एपीओ) के तौर पर न्यूयॉर्क पुलिस विभाग में शामिल होंगी. वह पिछले हफ्ते न्यूयॉर्क सिटी पुलिस अकादमी से स्नातक हुई हैं. उनको भर्ती करने का लक्ष्य पुलिस में अन्य को शामिल करने के लिए प्रेरित करना और सिख धर्म के बारे में बेहतर समझ पैदा करना है.
सिख ऑफिसर्स एसोसिएशन ने ट्वीट किया, ” हम न्यूयॉर्क पुलिस विभाग में पहली सिख पगड़ीधारी आग्ज़िल्यरी पुलिस अधिकारी का स्वागत करने में गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. एपीओ गुरसोच कौर और अन्य आग्ज़िल्यरी पुलिस ऑफिसर्स अकादमी से स्नातक हुए हैं. हमें आप पर गर्व है. सुरक्षित रहें.” एसोसिएशन ने फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट में कहा कि आपकी सेवा अन्य को पुलिस बल में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी.





