बुलंदशहर में आइटीआइ पेपर आउट, सात छात्र हिरासत में, साल्वर हुआ फरार

बुलंदशहर। सिकंदराबाद में आइटीआइ का प्रश्नपत्र लीक हो गया। शिव मंदिर छुट्टनलाल काका गल्र्स पीजी कालेज परीक्षा केंद्र पर एक छात्र के आधार कार्ड में साल्व नकल पर्ची पाई गई। छात्र की निशानदेही पर मारे गए छापे में वैन सवार साल्वर भाग निकला जबकि वैन से मोबाइल व बैग बरामद हुआ। पेपर आउट होने की पुष्टि पर जांच के बाद ही कुछ कहने की बात अफसरों ने कही। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर सात छात्रों को हिरासत में लिया गया है।बुलंदशहर में आइटीआइ पेपर आउट, सात छात्र हिरासत में, साल्वर हुआ फरार

सिकंदराबाद के मोहल्ला खत्रीवाड़ा स्थित शिव मंदिर छुट्टनलाल काका गल्र्स पीजी कालेज परीक्षा केंद्र पर पांच फरवरी से आइटीआइ की परीक्षा चल रही है। मंगलवार सुबह दस बजे प्रथम पाली में इलेक्ट्रीशियन प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा थी। कालेज के गेट पर तलाशी के दौरान एक छात्र मोहित कुमार निवासी रामनगर जिला बुलंदशहर के आधार कार्ड की जांच की गई तो उसमें छिपाकर रखी गई एक पर्ची मिली।

पर्ची पर ओएमआर सीट की तरह प्रश्नों के उत्तर लिखे हुए थे। कालेज प्रशासन की सूचना पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अफसरों को पकड़े गए छात्र ने बताया कि परीक्षा में आने वाले पेपर के उत्तर की पर्ची कालेज के समीप वैन में बैठे एक युवक (साल्वर) ने मोबाइल पर वाट्सएप द्वारा उपलब्ध कराई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छापेमारी की तो वैन में सवार साल्वर भाग गया। तलाशी में वैन से एक मोबाइल व बैग बरामद हुआ।

पुलिस ने बाद में छात्र की निशानदेही पर परीक्षा दे रहे अन्य छह छात्रों को हिरासत में लिया, हालांकि उनके पास से कोई नकल की पर्ची नहीं मिली। माना जा रहा है कि प्रश्नपत्र मोबाइल पर वाट्सएप के जरिए कहीं से लीक हुआ है, जिसके आधार पर छात्रों को साल्व नकल पर्ची दी जा रही थी। हालांकि अधिकारी इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं कह पा रहे हैं। केंद्र व्यवस्थापक डॉ. आनंद ङ्क्षसह की तरफ से तहरीर दी गई है। एसडीएम डॉ. शुभी सिंह काकन ने बताया कि वैन व उसमें से मिले मोबाइल आदि की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। प्रश्नपत्र लीक होने के संबंध में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता, क्योंकि इस तरह की शिकायत किसी अन्य परीक्षा केंद्र पर नहीं मिली है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Back to top button