लगता है चुनाव नहीं लड़ना चाहते कुछ विधायक: सुनील बंसल

भाजपा का चुनावी रथ किसी भी दिशा में हिचकोले न खाए, इसके लिए सरकार और संगठन का प्रदेश नेतृत्व क्षेत्रवार राह के कील-कांटे बीनने में जुटा है। अवध के बाद ब्रज और कानपुर क्षेत्र की बैठक में भी विधायक और संगठन पदाधिकारियों के साथ गहन विचार मंथन हुआ। विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को क्षेत्र के बचे काम गिनाने के साथ अभी चल रही बिजली कटौती पर चिंता जताई तो पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने संगठन पदाधिकारियों को सलाह दी कि विधायकों के साथ समन्वय में जुटें। नए-नए टिकटार्थी तैयार न करें।

मुख्यमंत्री के सरकार आवास पर शनिवार को पहले ब्रज क्षेत्र की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा और भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी थे। बैठक में मौजूद सूत्रों ने बताया कि योगी ने सरकार द्वारा कराए गए प्रमुख कार्य, बड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। कहा कि हर वर्ग के लाभ की तमाम योजनाएं हैं। अधिक से अधिक जरूरतमंदों को इनसे जोड़ना होगा। उन्होंने विधायकों से क्षेत्रवार जानकारी मांगी तो उन्होंने अब तक कराए गए प्रमुख काम बताने के साथ मांग रखी कि अब जो शेष कार्य हैं, वह जल्द पूरे करा दिए जाएं। वहीं, अभी कोयले की कमी से सामने आई बिजली कटौती की समस्या कई विधायकों ने रखी। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 12-14 घंटे की बिजली आपूर्ति हो रही है।

अब त्योहार लगातार हैं, इसलिए बेहतर हो कि शाम या रात में कटौती न हो। बिजली संकट को अस्थायी बताते हुए सीएम ने आश्वस्त किया कि यह समस्या जल्द दूर होगी। इसके अलावा जो भी काम बचे हैं, वह जल्द पूरे होंगे। वहीं, स्वतंत्रदेव सिंह ने स्पष्ट कहा कि विधायक और संगठन पदाधिकारी आपस में समन्वय बनाकर काम करें। नए-नए टिकटार्थी तैयार न किए जाएं। न ही उन्हें प्रोजेक्ट किया जाए। चुटकी लेते हुए बोले कि नए टिकटार्थी सुविधाएं बहुत दे रहे हैं, लेकिन इनसे बचें। ब्रज के बाद हुई कानपुर क्षेत्र की बैठक में भी इसी तरह के मुद्दे विधायकों ने उठाए। इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह भी पहुंच गए थे।

 

लगता है चुनाव नहीं लड़ना चाहते कुछ विधायकः क्षेत्र की इन बैठकों में सांसद, विधायक, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी बुलाए गए थे। सुनील बंसल ने रिपोर्ट ले रखी थी कि इनमें से कितने विधायकों ने कितने नए वोट बढ़ाए। कुछ विधायकों की रिपोर्ट पर नाराजगी जताई। खास तौर पर ब्रज के विधायकों की उदासीनता सामने आई। बंसल ने कहा कि शायद कुछ विधायक इस बार चुनाव लडऩा नहीं चाहते, इसलिए नए वोटर नहीं बढ़ाना चाहते।

हर बूथ पर बनाएं सौ नए वोटरः प्रदेश महामंत्री संगठन ने विधायकों के साथ संगठन पदाधिकारियों से कहा कि अब चुनाव की तैयारी में पूरी तरह जुट जाएं। चुनाव जीतने के लिए वोटर बढ़ाना जरूरी है। विधायक जनसंपर्क और वोटर बढ़ाने में लगें। हर बूथ पर सौ नए वोटर बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही पुराने मतदाता भी मजबूती से थामे रहें।

Back to top button