ईरान: नए राष्ट्रपति रईसी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए भारत को किया आमंत्रित

ईरान के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इब्राहीम रईसी ने पद संभालने से पहले ही भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के नेतृत्व में तेहरान पहुंचे भारतीय प्रतिनिधिमंडल से बुधवार को मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने 5 अगस्त को अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए भारत को आमंत्रित किया है. पूर्व न्यायपालिका प्रमुख इब्राहिम रईसी ने पिछले महीने ईरान के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की थी. वह अगस्त की शुरुआत में पदभार ग्रहण करेंगे.

यह पहला मौका है जब इब्राहीम रईसी ने अपना पदभार संभालने से पहले ही किसी विदेशी मेहमान से मुलाकात की है. भारतीय विदेश मंत्री ईरान के निर्वाचित राष्ट्रपति से मिलने वाले पहले विदेशी गणमान्य शख्स हैं. बैठक में दोनों देशों के बीच संबंधों को लेकर चर्चा हुई. रूस के लिए तीन दिन की यात्रा पर रवाना होने के दौरान एस जयशंकर ने रास्ते में तेहरान में थोड़ी देर के लिए ठहरे और इब्राहिम रईसी से मुलाकात की.

ईरानी नेतृत्व ने भारत को नए राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने के लिए आमंत्रित किया जिसे भारत ने स्वीकार कर लिया. अभी यह तय नहीं हुआ है कि नई दिल्ली का प्रतिनिधित्व कौन करेगा. समारोह के लिए आमंत्रित किए जाने वाले कुछ देशों में भारत भी शामिल है.

विदेश मंत्री जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी संदेश के साथ नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इब्राहीम रईसी से मुलाकात की. इंडिया टुडे को सूत्र बताते हैं कि हाथ से लिखे पत्र में भारतीय प्रधानमंत्री ने ईरानी नेता को कोरोना के हालात में सुधार होने पर भारत आने के लिए न्योता दिया.

जयशंकर ने इब्राहिम रईसी के साथ अपनी तस्वीरों के साथ ट्वीट किया, ‘निर्वाचित राष्ट्रपति इब्राहीम रईसी को उनका भव्य स्वागत के लिए धन्यवाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिला एक व्यक्तिगत संदेश सौंपा. अपने द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत बनाने, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग का विस्तार करने के लिए उनकी मजबूत प्रतिबद्धता को महत्व देते हैं.’

https://twitter.com/DrSJaishankar/status/1412769835470180355?

ईरान के विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया, “भारतीय विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर, जो भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ईरानी राष्ट्रपति अयातुल्ला सैय्यद इब्राहीम रईसी को एक लिखित बधाई संदेश देने के लिए ईरान में हैं, बुधवार दोपहर विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ से मिले.”

Back to top button