IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ इस क्रिकेटर ने पृथ्वी शॉ को दी ये जरूरी बैटिंग टिप्स !
डेस्क. वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में सबको युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। इसी बीच भारतीय उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने पृथ्वी शॉ को एक जरूरी सलाह दी है। रहाणे का कहना है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के जरिये टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू की दहलीज पर खड़े पृथ्वी शॉ को अपनी बल्लेबाजी की आक्रामक शैली को ही जारी रखना चाहिये।
उन्होंने कहा ,”मुझे शॉ के लिये खुशी है। मैंने उसे कैरियर की शुरूआत से देखा है। हम साथ में अभ्यास करते थे। वह आक्रामक सलामी बल्लेबाज है और भारत ए के लिये अच्छा खेलने का उसे फल मिला है।
रहाणे ने यह नहीं कहा कि पृथ्वी और मयंक अग्रवाल में से कौन राजकोट में चार अक्टूबर से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में केएल राहुल के साथ पारी का आगाज करेगा। रहाणे ने कहा, ”मुझे नहीं पता कि टीम संयोजन क्या होगा लेकिन कोई दबाव नहीं है। हर किसी को खुलकर खेलने का मौका है।
मैं उसे शुभकामना देता हूं और मुझे यकीन है कि वह अच्छा खेलेगा। मैं चाहता हूं कि वह उसी तरह खेले जैसे मुंबई और भारत ए के लिये खेलता है।
इंग्लैंड दौरे की नाकामी के बाद रहाणे ने विजय हजारे ट्रॉफी में बड़ौदा, कर्नाटक और रेलवे पर मुंबई को जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज से पहले उन्हें अच्छा मैच अभ्यास मिल गया है। उन्होंने कहा, ”इंग्लैंड से आने के बाद मेरा लक्ष्य मुंबई के लिये अच्छा प्रदर्शन करना था ताकि वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज से पहले अच्छा अभ्यास मिल सके।”
उन्होंने कहा ,” मेरा हमेशा से मानना रहा है कि घरेलू मैच हो या अंतरराष्ट्रीय या फिर अभ्यास मैच, सभी के अलग तरह के दबाव होते हैं और इससे मुझे तैयारी में मदद मिली। मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है और मैं आगे भी लय कायम रखना चाहता हूं।”





