राजस्थान में आयकर विभाग ने की एक साथ किशनगढ़ केकड़ी सहित 43 ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड

राजस्थान के अजमेर जिले में स्टोन कारोबार से जुड़े व्यापारियों के यहां गुरुवार को इनकम टैक्स की बड़ी कार्रवाई हुई। आयकर विभाग ने एक साथ किशनगढ़, केकड़ी सहित 43 ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड की। इस रेड से समूचे मार्बल उद्योग कारोबारी समूह में खलबली मच गई है। तिरुपति और बाबा ग्रुप के ठिकानों आयकर छापा पड़ा है। प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, जयपुर, किशनगढ़, सावरदा, टोंक, देवली में छापेमारी हुई है। मौके पर आयकर अन्वेषण शाखा की टीमें पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई। बताया जाता है कि आयकर विभाग के लगभग 300 आयकरकर्मी व पुलिसकर्मी छापे में शामिल हैं। आयकर विभाग को करोड़ों रुपये की आयकर चोरी उजागर होने की संभावना है।

आयकर विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप
मार्बल सिटी किशनगढ़ में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। क्वार्ट्ज पत्थर व मार्बल व्यपारियों पर इनकम टैक्स की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। मार्बल एरिया, लक्ष्मी नारायण विहार, राजहंस कालोनी, पृथ्वीराज नगर सहित कई जगहों पर आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है। बताया जाता है कि अलसुबह जयपुर व अजमेर से आई इनकम टैक्स की टीमें प्रतिष्ठानों के बाहर छद्म रूप से खड़ी रही। उद्योगों के खुलते ही रेड डाल दी गई। बाबा व तिरुपति ग्रुप से जुड़े आधा दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर आयकर विभाग की टीमें कार्रवाई में जुट गई। प्रदेश में जयपुर, देवली, सांवरदा और केकड़ी में भी विभाग की कार्रवाई जारी है। केकड़ी में क्वार्ट्ज पत्थर व्यापारियों बाबा और तिरुपति व्यापारिक संगठनों पर कार्रवाई की सूचना है।
गौरतलब है कि इससे पहले आयकर विभाग की टीम ने राजस्थान सहित तीन राज्यों में दो कारोबारी समूहों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। कुल 51 ठिकानों पर दो दिन तक आयकर विभाग की टीम ने सर्वे किया। दोनों के यहां आयकर चोरी का मामला सामने आया है। आयकर विभाग की टीमों ने शुरुआती जांच में बड़ी संख्या में डिजिटल दस्तावेज, नकदी व जेवरात जब्त किए। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान दोनों कारोबारियों की बेनामी संपत्ति, शेयर बाजार में निवेश और फर्जी फर्माें के दस्तावेज बरामद हुए थे।





