मऊ जिले में मुख्‍तार अंसारी के अधिवक्‍ता द्वारा जज को अपशब्द कहना पड़ा भारी, दर्ज हुआ मुकदमा…

माफिया मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दारोगा सिंह द्वारा जज को अपशब्‍द देना महंगा पड़ गया। इस मामले में राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर सरायलखंसी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में विधिक कार्रवाई शुरू होने के बाद अब सभी की निगाह में यह प्रकरण आ गया है। प्रदेश स्‍तर पर भी यह मामला चर्चा में है। 

प्रभारी मंत्री संजय निषाद बीते शनिवार को जनपद में आए थे। वह आजमगढ़ से आने से पहले सीधे किन्नूपुर गांव में पहुंचे थे। यहां ग्रामीणों ने रास्ते की मांग की थी। प्रभारी मंत्री ने डीएम अरुण कुमार को निर्देश दिया था कि पैमाइश कराकर रास्ता निकाला जाए। इसी के क्रम में शनिवार को राजस्व टीम गांव का निरीक्षण कर पैमाइश कर रही थी। इसी बीच वहां पर मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दाराेगा सिंह भी पहुंच गए और राजस्व कर्मियों से उनकी बहस होने लगी थी।

पुलिस प्रशासन के अनुसार दरोगा सिंह ने काम रोकने की बात करते हुए जज को अपशब्द कहा। इसका वीडियो तेजी से वायरल होने लगा था। एसपी सुशील घुले ने जांच के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इस पर राजस्व निरीक्षक बदुआगोदाम राजेश कुमार सिंह ने सरायलखंसी थाने में धारा 294, 504, 353 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस बाबत थाना प्रभारी केके गुप्ता ने एक दिन पूर्व ही बताया था कि वायरल वीडियो की जानकारी होने के बाद इसकी जांच की जा रही है। 

वहीं इस मामले में अधिवक्‍ता दरोगा सिंह ने बताया कि मेरे ऊपर जमीन कब्जा करने का आरोप लगा था। पैमाइश के दौरान मेरी 30 कड़ी जमीन कम पाई गई है। न्यायाधीशों को गाली देने का साजिशपूर्वक वीडियो बनाकर वायरल किया गया है। मेरे ऊपर दबाव बनाने व पेशबंदी के लिए इस तरह का कृत्य किया गया है। इसे मैं ऊपर तक ले जाऊंगा।

बोले पुलिस अधीक्षक : कानूनगों के बस के दौरान दारोगा सिंह ने न सिर्फ न्यायाधीशों को गाली दी है बल्कि बदसलूकी भी की है। कानूनगो से इसकी पुष्टि की जा रही है। जांच करके संबंधित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा। – सुशील घुले, एसपी मऊ।

Back to top button