गोरखपुर में पत्नी संग पहुंचे सांसद रवि ने कहा- ऐतिहासिक मतों से जीत दर्ज करेंगे योगी…..

सांसद रवि किशन ने शहर विधानसभा सीट के प्रत्याशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पक्ष में वोट की अपील करते हुए कहा कहा कि वह इस चुनाव को ऐतिहासिक मतों से जीतेंगे। जिले और शहर की सूरत बदल देने वाले मुख्यमंत्री को वोट देने के लिए जनता उत्साहित है। सांसद मतदाताओं से बातचीत के दौरान यह चुनावी प्रतिक्रिया दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि शहर विधानसभा से मुख्यमंत्री चुनाव लड़ रहे हैं, यह हर शहरवासी के लिए गौरव की बात है। ऐसे में ऐतिहासिक मतों से जिताना शहरवासियों की जिम्मेदारी भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन ने देश व प्रदेश में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जो आजादी के बाद 70 वर्षों में नहीं हुए। योगी सरकार में तो प्रदेश में विकास के नए प्रतिमान स्थापित हुए हैं। इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजीतांशु सिंह आशु, महानगर उपाध्यक्ष बृजेश मणि मिश्र, महानगर उपाध्यक्ष रंजना रावत, राधेश्याम रावत, पवन दुबे, जय यदुवंशी आदि मौजूद रहे।
योगी के प्रचार के लिए पत्नी प्रीति संग गोरखपुर पहुंचे सांसद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रचार के लिए सांसद रवि किशन पत्नी प्रीति शुक्ला के साथ गोरखपुर पहुंचे। सांसद ने बताया कि उनके चुनाव में पत्नी का प्रचार करना सफल हुआ था और उन्हें ऐतिहासिक मतों से जीत मिली थी, इसलिए योगी जी के प्रचार के लिए भी वह पत्नी को साथ लाएं हैं। उन्हें रिकार्ड मत मिलेंगे, ऐसा विश्वास है। प्रीति शुक्ला ने कहा कि योगी आदित्यनाथ पूरे देश के सबसे अच्छे मुख्यमंत्री हैं, उनका रिकार्ड मतों से जीतना तय है।
मतदाता जागरूकता के लिए शुरू हुई संत यात्रा
उधर, विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता के लिए संत यात्रा की शुरुआत हुई। यह यात्रा 25 फरवरी तक चलेगी। कालीबाड़ी मंदिर रेती चौक पर संतों का पूजन कर व उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर यात्रा का शुभारंभ किया गया।
संतों के नेतृत्व में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मोहल्लों व बाजार में मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान करने के लिए प्रेरित किया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे कालीबाड़ी रेती चौक के महंत रविंद्र दास महाराज ने कहा कि कुछ दल भ्रम फैलाकर हिंदू समाज को बांट रहे हैं, जो देश की अखंडता के लिए घातक है। देश, धर्म, समाज के लिए संतों ने हमेशा आगे बढ़कर समरसता का पाठ पढ़ाया है। संतों के मार्गदर्शन में संगठन, जाति, मत, पंथ, संप्रदाय में बंटे हिंदू समाज को एकजुट कर उनके स्वाभिमान को जागृत करने का कार्य निरंतर चल रहा है।
यात्रा में यात्रा प्रभारी सूर्यनाथ सिंह, डा. आरपी शुक्ल, डा. डीके सिंह, राजू, राहुल पांडेय, राहुल गुप्ता, गौरव गुप्ता, रूपेश तिवारी, विवेक पटेल, नवीन चंद्र, मातृशक्ति, देवी लाल आदि शामिल रहे।





