औरैया.यूपी के औरैया में रविवार देर रात एक पक्ष ने 2 सिपाहियों को दौड़ा-दौड़ा पीटा। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने एक सिपाही को मरणासन्न कर दिया तो दूसरे सिपाही को कमरे में बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची फोर्स के बाद सभी आरोपी भाग निकले। सिपाहियों को हॉस्पिटल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले में 11 नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 2 महिलाओं सहित 4 आरोपियों को अरेस्ट किया है।
ये है पूरा मामला…
– अजीतमल कोतवाली क्षेत्र की चौकी ऊंचा में रविवार देर रात पुरवा चंदेल गांव की रेहाना मदद के लिए पहुंची। उसने बताया कि पुरवा चंदेल गांव में मुन्ना नाम का शख्स उसके पति फिरोज के साथ मारपीट कर रहा है और गांव में नहीं रहने देने की धमकी दे रहे हैं।
– इस पर चौकी के सिपाही प्रमोद कुमार व धनोज कुमार पुरवा चंदेल गांव पहुंचे। सिपाहियों को आरोपी मुन्ना अपने परिजनों के साथ घर के बाहर ही मिल गया।
– दोनों सिपाहियों ने उससे मारपीट करने का कारण पूछा तो वह बोला, ”तो तुम लोग आए हो हीरो बनने।” यह कहते ही वह अपने साथियों के साथ सिपाहियों पर टूट पड़ा।
लोगों ने दौड़ाकर पीटा
– इसी दौरान गांव के आमिर, शाहरुख, संजय, चांद खां, हमीद, रसूलन, सुहाना, नसरीन, तौफीकन, सरवरी आ गए। सभी आरोपी सिपाहियों व रेहाना को बेरहमी से पीटने लगे। रेहाना किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग गई।
– इस दौरान सिपाही प्रमोद कुमार के सिर में चोट आई और वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। आरोपियों ने उसे मरा समझकर वहीं छोड़ दिया।
– सिपाही धनोज को खेत में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इसके बाद उसे एक कमरे में बंधक बना लिया। तभी किसी ने कोतवाली पुलिस को दे सूचना दी।
सूचना पर पहुंची और पुलिस
– कुछ देर बाद ही बड़ी संख्या में कोतवाली पुलिस गांव पहुंच गई। पुलिस ने घायल प्रमोद को गाड़ी में बैठाया। वहीं ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ कर धनोज को कमरे से निकाला।
– पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए गांव में ताबड़तोड़ दबिश दी, लेकिन मुख्य आरोपी पकड़ में नहीं आ सका। पुलिस ने आमिर, रसूलन, सुहाना व नसरीन को गिरफ्तार कर लिया।
– सिपाही प्रमोद की तहरीर पर पुलिस ने मुन्ना, आमिर, शाहरुख, संजय, चांद खां, हमीद, रसूलन पत्नी हमीद, सुहाना पत्नी संजय, नसरीन पत्नी इरफान, तौफीकन पत्नी मुन्नू, सरवरी पत्नी सेखा और 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने क्या कहा
– एसपी संजीव त्यागी ने कहा, ”आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ लोगों को अरेस्ट भी किया गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द अरेस्ट किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है। घायल सिपाही को हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है।”