होंडा ने लॉन्च की अपनी सबसे महंगी बाइक Goldwing

जापान की वाहन निर्माता कंपनी होंडा ने भारत में तीसरी जेनरेशन वाली Goldwing क्रूजर बाइक भारत में लॉन्च कर दी है। भारतीय बाजार में यह कंपनी की सबसे महंगी बाइक है। इसकी कीमत 26.85 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है।
कंपनी ने नए वर्जन में ना सिर्फ वजन को कम किया है बल्कि कीमत भी पहले से कम रखी है। नई Goldwing बाइक पुरानी के मुकाबले 2 लाख रुपए सस्ती और वजन में 40 किग्रा कम है। हालांकि यह अभी भी 378 किग्रा वजन की है।नई गोल्ड विंग बाइक की खासियत इसमें लगा होंडा का लिक्विड कूल्ड, 6-सिलिंडर इंजन है। बाइक पहले से ज्यादा हल्की और फ्यूल एफिशिएंट है। बाइक में ट्रांसमिशन के दो विकल्प दिए गए हैं। ग्राहक साधारण 6-स्पीड ट्रांसमिशन और होंडा के नए DCT ट्रांसमिशन में से किसी एक को चुन सकते हैं।
नए DCT ट्रांसमिशन के जरिए बाइक में रिवर्स गियर भी दिया गया है। यह भी बताते चलें कि यह पहली बाइक है जिसमें Apple CarPlay दिया गया है। इसके जरिए यूजर्स मोटरसाइकिल से अपना आईफोन कनेक्ट कर सकते हैं और इसका इस्तेमाल म्यूजिक, मैप जैसे फीचर्स में कर सकते हैं। बाइक का 1833 सीसी इंजन 116 बीएचपी की पावर और 167 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। बाइक में चार बाइक राइडिंग मोड, होंडा सिलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट और क्रूज कंट्रोल सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं। यह बाइक दो वैरिएंट- गोल्ड विंग और गोल्ड विंग DCT में आती है। पुराने मॉडल वाली गोल्ड विंग को भारत में 32 लाख रुपए में बेचा जाता है।





