Haryana Lok Sabha Election Phase 6: रोहतक में बूथ कैप्‍चरिंग का आरोप, मंत्री को भी लिया घेरे में

 लोकतंत्र के महायज्ञ में आहुति डालने के लिए तैयार हरियाणा के लोगों के इंतजार की घडिय़ां खत्म हुईं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया और सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लाेगों की कतारें लगी हैं। राज्‍य में अब तक करीब 39.07 फीसद मतदान हुआ है। राज्‍य में सुबह मतदान शुरू होने के समय कई जगहों पर ईवीएम में खराबी आने से वोटिंग कार्य बाधित हुआ। दूसरी ओर, राेहतक से कांग्रेस प्रत्‍याशी दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा समर्थकों पर बूथ कैप्‍चरिंग का आरोप लगाया है। उन्‍होंने इसके लिए राज्‍य के मंत्री मनीष ग्रोवर को भी घेरे में लिया है।

अब तक राज्‍य में 39.07 फीसद मतदान हुआ, हिसार में सबसे अधिक वोटिंग

मतदान राज्‍य की सभी 10 लोकसभा सीटों के लिए हो रहा है। मतदान के दौरान कई जगहों पर ईवीइम में गड़बड़ी की सूचना है। राज्‍य में चुनाव छठे चरण में हो रहा है। मतदान के दौरान कई जगह महिलाएं घूंघट में मतदान करने पहुंची। 

दीपेंद्र हुड्डा का अारोप है कि इन गाडि़यों में आए लोगों ने बूथ कैप्‍चरिंग की कोशिश की।

यह मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। शाम छह बजे तक कतार में लगने वाले वोटर मतदान कर सकेेंगे। दिव्यांगों को लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी, जबकि बुजुर्गों व महिलाओं को भी बारी से पहले मतदान की सहूलियत दी जाएगी। मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। भिवानी महेंद्रगढ़ से भाजपा के उम्मीदवार धर्मबीर सिंह ने भी मतदान किया।  विधानसभा स्पीकर कंवरपाल गुर्जर ने भी मतदान शुरू होने के एक घंटे के भीतर अपना वोट डाला।

फतेहाबाद में एक बूथ पर मतदान के लिए घूंघट में खड़ी महिलाएं।

कई जगह ईवीएम में खराबी से मतदान में आई बाधा

कई जगहों पर समय से वोटिंग शुरु नहीं हो पाई। कई जगहों पर मतदान शुरु होने के बाद ईवीएम में खराबी से मतदान प्रभावित हुआ है। पंचकूला, फरीदाबाद, चरखी दादरी, कोसली, भिवानी महेंद्रगढ़, बहादुरगढ क्षेत्रों में कई बूथों पर मतदाओं को मतदान समय से शुरू न होने और मशीन में खराबी के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा।

1.44 PM : राज्‍य में अब तक 39.07 फीसद मतदान हुआ है। मतदान में अभी कुरुक्षेत्र सबसे आगे है।

राज्‍य में अब तक तक विभिन्‍न लोकसभा सीटों पर मतदान प्रतिशत

संसदीय क्षेत्र    मतदान प्रतिशत
1. अंबाला   35.75
2. कुरुक्षेत्र   44.43
3. सिरसा   39.30
4. हिसार   43.72

5. करनाल  34.71
6. सोनीपत   40.53
7. रोहतक   38.97
8. भिवानी-महेंद्रगढ़   42.20
9. गुरुग्राम   37.22
10. फरीदाबाद  36.31

1.35 PM : राज्‍य में अब तक 38.87 फीसद मतदान हुआ है। मतदान में अभी कुरुक्षेत्र सबसे आगे है।

1.07 PM: कांग्रेस प्रत्‍याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक के काठ मंडी में बूथ कैपचरिंग का आरोप लगाया। दीपेंद्र डा ने जिला निर्वाचन अधिकारी को इसकी शिकायत की है।  उन्‍होंने कहा कि हरियाणा के मंत्री मनीष ग्रोवर के साथ आए कई युवकों ने मतदाताओं को धमकाए। ये लोग चार गाड़ियों में आए थे।

12.50 PM: हरियाणा में मतदान पर भीषण गर्मी का असर पड़ता दिख रहा है। अब तक राज्‍य की 10 सीटों पर औसतन 25.14 फीसदी वाेट पड़े हैं।

– 11.35 AM :  राज्‍य में अब तक 23.24 फीसद मतदान हुआ है। हिसार में सबसे अधिक वोटिंग हुई है।

– 11.35 AM :  राज्‍य में अब तक 22.55 फीसद वोटिंग हुई है। हिसार में सबसे अधिक वोटिंग हुई है।

– 11.25 AM :  राज्‍य में अब तक 21.55 फीसद वोटिंग हुई है। भिवानी-महेंद्रगढ़ में सबसे अधिक वोटिंग हुई है।

झज्‍जर में महिलाओं के लिए बनाया गया विशेष सखी मतदान केंद्र।

– राज्‍य में कई जगह महिलाओं के लिए अलग से मतदान केंद्र बनाए गए हैं। झज्‍जर में एक मतदान केंद्र को ट्रेन की बोगी का रूप दिया गया है।

यह ट्रेन नहीं झज्‍जर के बेरी में बनाया गया मतदान केंद्र है।

– 11.15 AM : अब तक राज्‍य में 13.31 फीसद मतदान हुआ है।

-10.55 AM: भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के चरखी दादरी के गांव तिवाला, फतेहगढ़,  साहूवास व दादरी शहर के कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी के कारण कुछ देर के लिए मतदान रुका। बाद में टेक्निकल टीम ने मशीनों को ठीक  किया और मतदान दोबारा शुरू हुआ।

 बेटे दीपेंद्र हुड्डा और बहु के साथ मतदान केंद्र में पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा।

– 10.50 AM: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा की पत्नी हेम श्वेता हुड्डा व परिवार के अन्य लोगों ने रोहतक के गांव सांघी के बूथ नंबर 13 पर मतदान किया।

– 10.46 AM: राज्‍य के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने पैतृक गांव ढाकला में परिवार सहित मतदान किया।

– 10.35 AM: अ‍ब तक राज्‍य में 9.10 फीसद मतदान की खबर है। अभी विस्‍तृत ब्‍योरे की प्रतीक्षा है।

– 10.13 AM: राज्‍य में अब तक करीब 8.79 फीसद मतदान हुआ है। मतदान में अभी और तेजी आने की उम्‍मीद है। मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हैं।

– 10.06 AM: सिरसा में कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर ने भाजपा उम्मीदवार सुनीता दुग्गल पर लगाए पैसे बांटने के आरोप । उन्‍होंने कहा कि हार की बौखलाहट से भाजपा ओछे हथकंडे अपना रही है। अशोक तंवर ने प्रशासन से लिखित में शिकायत देने की भी कही बात। उन्‍होंने फतेहाबाद व सिरसा में भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल व उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए।

10.00 AM: युवाओं में भी मतदान के प्रति जज्‍बा दिख रहा है। अंबाला में अंगुली पर लगे निशान दिखातीं पहली बार मतदान करने वाली युवतियां।

9.33 AM: फतेहाबाद के भोडिया खेड़ा में  बूथ 209 पर महिलाएं घूंघट में मतदान करने पहुंची। यह नजारा राज्‍य के अन्‍य स्‍थानों पर भी दिखाई दिया1

8.47 AM :कुरुक्षेत्र के लाडवा के गांव मुरादनगर मे मशीन खराब होने से मतदान नहीं शुरू हुआ है।

8.40 AM : भिवानी के हालुवासिया स्कूल मेंं वोटिंग करीब आधा घंटा लेट हुई। इस कारण कहासुनी हुई। इसी तरह फतेहाबाद के जाखल में बनाए गए बूथ नंबर 10 में मतदान समय पर शुरू नहीं हुआ।

8.35 AM: रोहतक के कलानौर की 107 वर्षीय सिंदोखी  देवी ने भी मतदान किया। वह अपने बेटों ,पोतों व परपोतो के साथ वोट देने आईं।

8.33 AM: ि‍दन चढ़ने के साथ ही गर्मी बढ़ रही है, लेकिन लोगों के उत्‍साह पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है। मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ बढ़ रही है।

8.31AM: राज्‍य में महिलाओं के लिए अलग से बूथ बनाए गए हैं। मतदान के लिए युवाओं में भी खूब उत्‍साह है।

8.27 AM: पंचकूला में 88 साल की इंद्रजीत कौर ने भी मतदान किया। राज्‍य में बुजुर्गों में भी मतदान के लिए खासा उत्‍साह है।

8.21 AM: पंचकूला सेक्टर 19 स्कूल में 135 नंबर बूथ पर ईवीएम में एक बार फिर से खराब होने से वोटिंग रुकी सुबह भी खराब हुई थी। दूसरी वोटिंग मशीन लाई गई थी वह भी खराब हो गई।

8.06 AM: जींद में डीएवी स्कूल के बूथ पर ईवीएम पर जेजेपी का चुनाव चिन्ह साफ दिखाई न देने की दिग्विजय चौटाला ने शिकायत की। लिखित में presiding officer को दी शिकायत।

8.01 AM:कैथल के पट्टी अफगान में 30 नबर बूथ पर वोटिंग मशीन खराब। मतदान में बाधा।

8.00 AM: पंचकूला बूथ नंबर 73 की ईवीएम खराब ।वोटिंग शुरू होते ही खराब हुई ईवीएम। चुनाव कर्मचारी का कहना करीब एक घंटा लगेगा ईवीएम ठीक होने में।पंचकूला सेक्टर 8 के DAV स्कूल के बूथ पर भी ईवीएम खराब। मतदाताओं को हो रही परेशानी।

कुरुक्षेत्र में मतदान के लिए कतार में लगीं महिलाएं।

7.56 AM: कैथल में 82 वर्षीय भरथो देवी ने डाला वोट।

7.56 AM: पानीपत के काबड़ी गांव का बूथ नंबर 42 व 43 मॉडल बूथ है। लोग कतार में लगे हैं। बूथ नंबर 43  पर मशीन खराब है।

7.54 AM: भिवानी के बहल में राजकीय स्‍कूल के बूथ नंबर 131 पर ईवीएम में खराबी आई। मतदान में बाधा।

7.46 AM: विभिन्‍न लोकसभा क्षेत्रों में प्रत्‍य‍ाशियों ने भी वोट डालेे। करनाल से भाजपा प्रत्‍याशी संजय भाटिया ने पानीपत में मतदान किया।

 7.45 AM : दुष्‍यंत चौटाला ने अपनी मां नैना चौटाला और पत्‍नी के साथ सिरसा में वोट डाला।

7.45 AM : राज्‍य में अब तक शांति पूर्ण मतदान। कहीं से गड़बड़ी की सूचना नहीं।

7:43 AM: आलमपुर के बूथ 98 पर मतदान आधा घंटे लेट शुरू हुआ। लोग लंबी कतारों में।

7.42 AM: पानीपत के बापौली में ईवीएम खराब होने से आधे घंटे तक मतदान बाधित रहा।

7.30 AM: पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस प्रत्‍याशी कुमारी सैलजा ने अंबाला में मतदान किया।

7.10 AM: मतदान के लिए युवाओं के संग बुजुर्गों में भी उत्‍साह दिख रहा है।

7.00 AM:मतदान शुरू। राज्‍य भर में अधिकतर स्‍थानों पर साढ़ छह बजे से मतदाता करतार में लगे।

पानीपत में मतदान के लिए कतार में लगे भाजपा प्रत्‍याशी संजय भाटिया।

प्रदेश में कुल 223 प्रत्याशी

प्रदेश में 223 प्रत्याशियों का भाग्य आज ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) में बंद हो जाएगा। नतीजे 23 मई को आएंगे। चुनाव में सीधे करीब डेढ़ दर्जन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। पिछले लोकसभा चुनाव में विजय पताका फहराकर सांसद बने आठ योद्धा इस बार भी मैदान में हैं।

गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी-महेंद्रगढ़, रोहतक, हिसार, सिरसा, अंबाला और सोनीपत के निवर्तमान सांसद जहां फिर अपनी किस्मत आजमा रहे, वहीं कुरुक्षेत्र के सांसद रहे राजकुमार सैनी और करनाल के सांसद अश्विनी कुमार इस बार चुनावी रण से बाहर हैं। चार पूर्व सांसदों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक कुलदीप शर्मा और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव व निर्मल सिंह भी मैदान में डटे हैं।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में हुए कुल 71.86 फीसद मतदान की अपेक्षा इस बार मतदान का ग्राफ बढऩे की उम्मीद है। हालांकि 42 साल पहले 1977 में बने 73.26 फीसद वोटिंग के रिकॉर्ड को पार कर पाना बड़ी चुनौती होगी। पहली बार सभी बूथों पर ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीनें (वोटर वेरीफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) लगाई गई हैं जिससे निकली पर्ची बताएगी कि वोट किस प्रत्याशी को गया। दिव्यांगों को बूथ तक लाने-ले जाने के लिए चुनाव आयोग के वालंटियर लगे हैैं, वहीं अगर किसी प्रत्याशी या समर्थक ने दूसरे मतदाताओं को अपनी गाड़ी में बैठाकर पोलिंग बूथ पर पहुंचाया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

हिसार में एक मतदान केंद्र पर लगी कतार।

लोकसभा सीट : 10

कुल प्रत्याशी : 223

मतदान का समय : सुबह सात से शाम छह बजे तक

मतदान केंद्र : 19 हजार 433

(शहर : 5502, ग्रामीण : 13 हजार 931)

मतदाता : 1,80,56,896

पुरुष :  97,16,516

महिला : 83,40,173

सर्विस वोटर : 1,05, 859

 

मतदान करने के बाद एक युवा मतदाता।

बूथ : 5444

(संवेदनशील :2463 , अति संवेदनशील : 2734)

247 बूथ : हिंसा आशंकित

——-

सुरक्षा बल

 -67 हजार पुलिस कर्मी और अर्ध सैनिक बलों के जवान मोर्चे पर, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 95 कंपनियां तैनात

————-

वोटर कार्ड नहीं तो घबराएं नहीं

अगर मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो घबराएं नहीं। आधार कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, केंद्र सरकार/राज्य सरकार/पब्लिक लिमिटेड कंपनी द्वारा कर्मचारियों को जारी सर्विस आइडी कार्ड (फोटो के साथ), बैंक या पोस्ट ऑफिस की पासबुक (फोटो के साथ), श्रम मंत्रालय की स्कीम में जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटो के साथ पेंशन के कागज, विधायक या सांसदों को जारी किए जाने वाले आधिकारिक कार्ड के जरिये भी मतदाता सूची में नाम होने पर वोट डाल सकेंगे।

Back to top button