Haryana Lok Sabha Election 2019: जाट और गैरजाट की राजनीति के कारण टकराव के आसार, अलर्ट पर सुरक्षा बल

लोकसभा चुनावों में हरियाणा की अधिकतर सीटों पर कांटे के मुकाबलों के चलते शांतिपूर्ण चुनाव कराना बड़ी चुनौती है। आधा दर्जन सीटों पर सियासी दलों के जाट बनाम गैर जाट का कार्ड खेलने से टकराव के की आशंका के कारण मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डेरा सच्चा सौदा के सीधे प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी तनातनी की स्थिति की आशंका है। सेना और अर्द्ध सुरक्षा बलोें के जवानों को काफी संख्या में तैनात किया गया है। सुरक्षा बलोें को अलर्ट पर भी रखा गया है।
20 जिलों में दूसरे राज्यों से लगती सीमाएं सील, होटल-धर्मशालाओं व छात्रावासों पर निगाह
सोनीपत, झज्जर, जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार, हांसी और सिरसा को अति संवेदनशील घोषित करते हुए यहां अतिरिक्तपुलिस बलों की तैनाती की गई है। 20 जिलों की दूसरे राज्यों से लगती अंतरराज्यीय सीमाएं शुक्रवार शाम को ही सील कर दी गईं, ताकि असामाजिक तत्वों द्वारा बूथ कैप्चरिंग और हिंसा की आशंका को कम किया जा सके।
सियासी दलों के समर्थकों में टकराव की आशंका के चलते पुलिस प्रशासन ने प्रदेश में कुल 5444 बूथों में 2463 संवेदनशील और 2734 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इनमें 247 बूथों पर ङ्क्षहसा का खतरा ज्यादा है जहां भारी संख्या में जवान तैनात हैं। पुलिस महानिदेशक मनोज यादव के निर्देश पर सभी रेंज एडीजीपी व आइजी, पुलिस आयुक्त तथा जिला पुलिस अधीक्षक सुबह छह बजे से फील्ड में उतर गए और शाम को मतदान खत्म होने तक गश्त पर रहेंगे। आधे से अधिक कंपनियां जाट बेल्ट के सात जिलों में ही तैनात की गई हैं।
सोनीपत में सबसे ज्यादा दस, रोहतक में आठ, झज्जर में सात कंपनियां लगाई गईं हैं। पूरे प्रदेश में कुल 67 हजार पुलिसकर्मी फील्ड में जमे हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 95 कंपनियों को तैनात किया गया है। राज्य पुलिस के 33 हजार 340 कर्मचारी, 11 हजार 750 होमगार्ड, 8063 विशेष पुलिस अधिकारी और 5788 ट्रेनी पुलिस कर्मचारी निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि अवैध गतिविधियों को पूरी तरह रोकने के लिए होटलों, सराय के साथ ही विश्वविद्यालयों और दूसरे शिक्षण संस्थाओं के छात्रावासों की निगरानी की जा रही है। शराब ठेकों की विशेष जांच का निर्देश दिया गया है क्योंकि ठेका बंद होने के बावजूद कई संचालक पीछे की खिड़कियों को खुला रखते हैं।
——–
बेखौफ होकर डालें वोट : डीजीपी
सभी मतदाता लोकतंत्र के उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बिना किसी भय के वोट डालें। हरियाणा पुलिस के मुखिया के तौर पर मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। कानून व्यवस्था को बिगाडऩे व मतदान प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैयार है।





