हरियाणा: दिनदहाड़े दो घरों में घुसे चोर; गहनों व नकदी पर किया हाथ साफ

चरखी दादरी के बौंदकलां के दो घरों को चोरों ने दिनदहाड़े अपना निशाना बना डाला। चोर दोनों घरों से नकदी और गहने ले गए। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब घर में कोई मौजूद नहीं था। ऐसे में दोनों घरों की रेकी से भी इंकार नहीं किया जा सकता। बौंदकलां थाना पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में पूर्व सैनिक और महिला की शिकायत पर दो मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार जल्द ही दोनों वारदात सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरी ओर एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और वारदातस्थल से सुराग जुटाने का प्रयास किया। दोनाें घरों में तीन लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।

केस:1- महिला के घर से 76 हजार और सारे गहने ले गए चोर
बौंदकलां निवासी मूर्ति देवी ने पुलिस को शिकायत में बताया क 14 दिसंबर को सुबह करीब साढ़े आठ बजे परिवार के सभी सदस्य भिवानी के जिले कुहाड़ गांव गए थे। देर रात करीब 12.30 बजे वो अपने घर लौटे। घर पुंचने पर ताला और दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। कमरे में रखे बक्सा का ताला टूटा मिला और इसमें से 76 हजार की नकदी समेत 2 जोड़ी सोना की बाली, दो जोड़ी माथे का टीका, 2 सोने की अंगूठी, 2 सोने के लॉकेट के अलावा चांदी की तीन जोड़ी पायल और दो जोड़ी चुटकी चोरी मिली। पुलिस ने मूर्ति देवी की शिकायत पर अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।

केस:2- रिटायर्ड हवलदार के बंद मकान में भी घुसे चोर
सेना से हवलदार रिटायर्ड ओमबीर सिंह के बंद मकान को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया। पुलिस को दी शिकायत में ओमबीर सिंह ने बताया कि 14 दिसंबर को वो पत्नी के साथ किसी काम से भिवानी गया था। जाने से पहले मकान को अच्छी प्रकार से बंद करके ताला लगाया था। शाम करीब 6 बजे वापस लौटे तो ताला तो लगा मिला लेकिन घर के अंदर सामान बिखरा मिला। अंदर जाकर जांच की तो दोनों कमरों में रखे गहने और नकदी चोरी मिले। ओमबीर सिंह के अनुसार चोर घर से 9200 रुपये, सोना की बाली, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की दो जोड़ी पाजेब व दो जोड़ी चुटकी चोरी कर ले गए।

जांच अधिकारी के अनुसार
मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। जल्द ही दोनों वारदात को ट्रेस कर दिया जाएगा। -कृष्ण सिंह, एएसआई एवं जांच अधिकारी, बौंदकलां थाना।

Back to top button