झाझड़िया के समर्थन में मुख्यमंत्री का हनुमानगढ़ दौरा

चुरू लोकसभा सीट के प्रत्याशी देवेंद्र झाझड़िया के समर्थन में हनुमानगढ़ के भादरा पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनता को मोदी की गारंटी देते हुए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने देवेंद्र झाझड़िया की अनुपस्थिति में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को हनुमानगढ़ के भादरा में चूरू लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र झाझड़िया के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। हालांकि इस जनसभा में देवेंद्र झाझड़िया खुद मौजूद नहीं थे। सीएम भजनलाल शर्मा ने झाझड़िया के लिए वोट मांगते हुए अपने संबोधन के दौरान कई दफा मोदी की गारंटी का जिक्र किया। उन्होंने जनता को वैशाखी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज ही के दिन 1919 में सैंकड़ों लोगों ने जलियांवाला बाग में बलिदान दिया था, मैं सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

किसानों और जवानों की धरती

उन्होंने भादरा की जमीन को जवान और किसान की जमीन बताया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से ही पीएम मोदी इस देश में परिवर्तन लाने का काम कर रहे हैं। 2014 से पहले आतंकी आते थे, बम फोड़कर जाते थे, सैनिक के सिर काट कर ले जाते थे लेकिन उसके बाद हमारे सैनिकों ने अंदर तक घुसकर आतंकियों को मारने का काम किया।

कांग्रेस को आड़े हाथों लिया

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि सबसे ज्यादा राज करने वाली कांग्रेस ने सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार किया है। 70 साल राज करने वाली कांग्रेस सरकार ने लोगों को जाति-धर्म में बांटने और तुष्टिकरण के सिवा कुछ नहीं किया। गरीबी दूर करने वाली कांग्रेस का कभी गरीबी से कोई नाता नहीं रहा। 2014 के बाद से मोदी सरकार ने गरीब कल्याण से लेकर देश के विकास, सीमा की सुरक्षा व देश के सम्मान के लिए काम किया है।

90 दिन में किए 45 प्रतिशत वादे पूरे

सीएम भजनलाल शर्मा बोले कि प्रदेश में हमारी सरकार को 4 महीने होने वाले हैं। हमारी सरकार और हमने जो हमारा घोषणा पत्र जनता के सामने पेश किया था। उसमें से 90 दिन में 45 प्रतिशत वादे पूरा करने का काम किया है, जो आगे भी जारी रहेंगे।

पानी की व्यवस्था का आश्वासन

सीएम बोले कि भादरा के विधायक संजीव बेनीवाल जब भी मेरे पास आते हैं तो कहते हैं मेरे भादरा को भी सिंचाई पानी को लेकर कुछ करिए। इसको लेकर सीएम ने मंच से कहा कि भादरा में भी पानी की व्यवस्था की जाएगी। इसको लेकर किसानों को सीएम ने पानी दिलवाने का आश्वासन भी दिया है।

Back to top button