गिरिराज सिंह ने कहा- भारत के टुकड़े करने वालों को देंगे मुहतोड़ जवाब

आरा। केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि यदि भारत माता की जय बोलना गुनाह है तो मैं गुनाहगार हूं। भारत के टुकड़े करने वालों को मुहतोड़ जवाब देंगे।

गिरिराज सिंह ने कहा- भारत के टुकड़े करने वालों को देंगे मुहतोड़ जवाबरामनवमी जुलूस में शामिल होने आरा पहुंचे गिरिराज सिंह ने कहा कि हम सभी भारत माता की संतान हैं। भारत माता की जय सभी को बोलना चाहिए।

बता दें आज पूरे देश में धूमधाम से रामनवमी मनाई जा रही है। अयोध्यापति मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव पर रविवार को शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा शामिल थी, जिसमें मर्यादा पुरुषोत्तम अपने हाथों में धनुष धारण किए हुए हैं। इसके साथ ही वीर हनुमान की ऊंची प्रतिमा शोभा यात्रा में शामिल थी। दोनो प्रतिमाओं को विशालकाय रथ पर विराजमान करके नगर भ्रमण कराया गया।

शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के जयघोष से वातावरण गूंज रहा था। वे एक ही नारा, एक ही नाम जयश्री राम जय, जय श्रीराम के जयघोष कर रहे थे।

हाथी, घोड़ा व डीजे बढ़ा रहे थे शोभा

श्रीराम जन्मोत्सव शोभा यात्रा में हाथी घोड़ा और ऊंट को भी शामिल किया गया था। शोभा यात्रा में करीब दो दर्जन घोड़ा आगे चल रहे थे। इनके साथ हाथों में विशालकाय भगवा रंग का पताका भी राम भक्त लेकर चल रहे थे। इसके साथ ही डीजे व बैंड -बाजा भी यात्रा में शामिल था। जिसमें धार्मिक गीत एवं भजन कीर्तन बज रहा था। शोभा यात्रा में डेढ़ दर्जन डीजे, आठ बैंड बाजा, ढोल तासा, नगाड़ा, नाल, करताल, हुड़का, शंख समेत कई वाद्य यंत्रों के साथ कलाकार शामिल थे। जिससे शोभा यात्रा और आकर्षक लग रहा था।

भगवा रंग के झंडो से पटा शहर

श्रीराम जन्मोत्सव शोभा यात्रा जिस मार्ग से गुजरने वाली थी उस मार्ग के सड़क को दोनों तरफ भगवा रंग के झंडे से पाट दिया गया था। इसके अलावा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से लेकर गली मुहल्लों को भगवा रंग के झंडे लगाए गये थे। शोभा यात्रा के स्वागत के लिए चौक-चौराहों पर भव्य तोरण द्वार, बैनर लगाए गये थे। विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा शोभा यात्रा की स्वागत की तैयारी की गई थी। शहर के सभी जगहों पर श्री राम नाम लिखा भगवा झंडा लगाया गया था। जिस मार्ग से शोभा यात्रा गुजर रही थी। वहां के लोग पुष्प की वर्षा भी कर रहे थे।

यात्रा में शामिल युवाओं में दिख रहा था गजब का उत्साह

श्रीराम जन्मोत्सव शोभा यात्रा में शामिल युवाओं के जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण गूंज रहा था। युवा शोभा यात्रा में खास अंदाज में शामिल थे। युवा बाइक पर तिरंगा व भगवा झंडा लगाकर घूम रहे थे। वे विभिन्न मार्गो पर भारत माता की जय, बंदे भारत माता की जय एवं जय श्रीराम का नारा लगा रहे थे। कई युवा पंरपरागत अस्त्र भी ले कर यात्रा में शामिल हुए थे। युवा श्रद्धा व आस्था के साथ शहर में घूम रहे थे। यात्रा में शामिल युवाओं की टोली भी आकर्षक लग रही थी। शहर के विभिन्न मुहल्लों से बजरंग दल के कार्यकर्ता के साथ निकले युवाओं की अलग -अलग टीम थी। कई युवा भगवा पगड़ी बांध कर यात्रा में शामिल थे, तो कई बाइक पर तिरंगा लगा कर यात्रा में शामिल थे। युवाओं की टोली जिस ओर से निकलती थी तो लोग समझते थे कि शोभा यात्रा आ गई।

Back to top button