दीपू की जेब से गुड्डन का फोटो मिलना, कहीं ये ऑनर किलिंग तो नहीं

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के सिकंदरा में यमुना नदी के किनारे शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का इतना संवेदनशील होने का कारण यह भी है कि मंगलवार को एक युवक का शव मिला था और उसकी जेब से एक युवती की फोटो मिली थी। यह फोटो किसी और नहीं बल्कि मृत पायी गई युवती की थी। दो दिन में दोनों की हत्याएं कई सवाल खड़े कर रही हैं।
अमराहट थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह अरसुनबांगर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर यमुना नदी के किनारे युवती का शव मिला। सुबह खेलने पहुंचे बच्चों ने शव को देखा और गांववालों को जानकारी दी। मौसी सर्वेश कुमारी ने शव की शिनाख्त सिरसाकलार-जालौन के निपनियां गांव निवासी राजेश की पुत्री गुड्डन (18) के रूप में की। वह करीब चार साल से अरसुनबांगर गांव में मौसी सर्वेश कुमारी पति शिवकुमार के संग रह रही थी। गुड्डन आठ दिसंबर से लापता थी। मालूम हो कि मंगलवार को अरसुनबांगर गांव के दीपू(22) का शव सिकंदरा के पास टॉवर के पीछे यूकेलिप्टस के बाग में मिला था। दीपू के पिता रामबाबू ने गांव के ही शिवकुमार, राजासिंह, रामदास व सत्येंद्र के खिलाफ हत्या कर शव फेंकने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी फरार हैं।
मौके पर पहुंचे एसपी रतनकांत पांडेय व डीएसपी आलोक कुमार जायसवाल ने ग्रामीणों से पूछतांछ की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने नमूने भी लिये। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं के तार जुड़ रहे हैं। थाना इंचार्ज को ऑनर किलिंग की संभावना पर भी जांच कर वारदातों का खुलासा करने के निर्देश दिए गए।
अमराहट के थाना इंचार्ज आरपी प्रजापति ने बताया कि दीपू की जेब से मिली फोटो गुड्डन की है। गुड्डन का शव मिलने तक इस बाबत किसी ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं युवक की हत्या में नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश रही जा रही है। सभी बिंदुओं पर जांच कर सबूत जुटाए जाएंगे। गांव के चौकीदार बलवान की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।





