नहीं रहे मशहूर कन्नड़ संगीतकार राजन, सोशल मीडिया पर फैंस और सितारे दे रहे श्रद्धांजलि,

कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर संगीतकार राजन का बंगलूरू में निधन हो गया है।

नई दिल्ली-  कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर संगीतकार राजन का बंगलूरू में निधन हो गया है। दक्षिण भारतीय विशेषकर कन्नड़ और तेलुगु फिल्म जगत में 1950 से 1990 तक उनका बोलबाला रहा। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में इन दोनों की जोड़ी लंबे समय तक साथ काम करने वाली जोड़ी थी। राजन और नागेंद्र ने कन्नड़ सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत फिल्म सौभाग्य लक्ष्मी से की थी। इसके बाद इन दोनों ने करीब 375 फिल्मों में संगीत दिया और दर्शकों के दिलों को जीता।

सार-

१- राजन-नागेंद्र की जोड़ी हो हमेशा याद किया जाता रहा है।
२- 87 साल के राजन के निधन की जानकारी उनके बेटे आर अनंत कुमार ने दी है।
३- इन दोनों ने करीब 375 फिल्मों में संगीत दिया।

विस्तार-

कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर संगीतकार राजन का बंगलूरू में निधन हो गया है। उन्होंने दिग्गज संगीतकार और अपने बड़े भाई नागेंद्र के साथ मिलकर कई शानदार फिल्मों में संगीत दिया था। इन दोनों को राजन-नागेंद्र के जोड़ी के तौर पर याद किया जाता रहा है। नागेंद्र का निधन साल 2000 में ही हो गया था। ऐसे में राजन के निधन के बाद अब कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की यह जोड़ी हमेशा के लिए खत्म हो गई है।

87 साल के राजन के निधन की जानकारी उनके बेटे आर अनंत कुमार ने दी है। आर अनंत कुमार ने बताया कि वह स्वास्थ्य दिक्कतों का सामना कर रहे थे और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्हें अस्पताल ले जा जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। आर अनंत कुमार ने कहा, ‘वह पूरी तरह से ठीक थे और ऑनलाइन म्यूजिक क्लास देने पर विचार कर रहे थे। दो दिन पहले उन्हें बदहजमी की शिकायत हुई और उनका 11 अक्तूबर को निधन हो गया’।

आपको बता दें कि राजन के बड़े भाई संगीतकार नागेंद्र का 65 साल की उम्र में साल 2000 में निधन हो गया था। राजन और नागेंद्र की जोड़ी ने लंबे समय तक शानदार संगीत दिया था। यह दोनों मैसूरु के शिवरामपेट में संगीत से जुड़े मध्यम वर्गीय परिवार में पैदा हुए थे। उनके पिता हार्मोनियम और बांसुरी वादक थे, जिन्होंने कई मूक फिल्मों में पार्श्व संगीत दिया। वहीं, राजन वायलिन वादक जबकि नागेंद्र को जल तरंग में महारत हासिल थी।

 

 

Back to top button