सामने आई शर्मनाक हरकत, ड्रग्स की तलब दूर करने के लिए बेचा अपना बच्चा

चीन में एक युवा दंपति की शर्मनाक हरकत सामने आई है। युवा दंपति ने अपनी ड्रग्स की तलब दूर करने को पैसे जुटाने के लिए अपने नवजात बच्चे को जन्म के कुछ ही घंटों बाद बेच दिया। इस दंपति ने सोशल मीडिया पर एक ऐसे जोड़े से संपर्क साधा, जो अभिभावक बनने में सक्षम नहीं थे। इस बेऔलाद जोड़े को बच्चा 7,000 पाउंड (लगभग 6 लाख 60 हजार रुपये) में बेचा गया।

इस नशेड़ी दंपति ने अपना नवजात बच्चा बेचकर जो रकम हासिल की, उससे खूब सारे ड्रग्स और नए फोन खरीदे। इस दंपति पर नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के चलते कई केस दर्ज हैं, जिसकी वजह से वे पुलिस के निशाने पर थे।

पुलिस को एक होटल में इनके ठिकाने के बारे में पता चला। यहां से उनके पास से ड्रग्स की कई बोतलें और नकदी के ढेर बरामद किए गए। 

पुलिस के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी चीनी शहर नेइजियांग के रहने वाले वांग और झोंग लंबे समय से ड्रग के आदी थे और कर्ज में दबे थे। इस दंपति को बाल तस्करी के आरोप में सजा सुनाई गई है। पुलिस ने बताया कि दंपति के बच्चे को बचा लिया गया है और अब उसकी देखभाल दादा-दादी करते हैं।

Back to top button