मौसम के बदलते मिजाज से अक्टूबर माह में भी गर्मी का कहर, इस साल देर तक रहेगी ठंड

नई दिल्ली। अक्टूबर मध्य से ज्यादा गुजर गया मगर मौसम के तेवर कुछ ऐसे हैं कि अब भी अधिकतर घरों में एसी, कूलर और पंखे घनघना रहे हैं। दिन में बेचैन करने वाली गर्मी रह रही है और अधिकतम पारा 36 के पार है।

न्यूनतम पारे ने रात में भी बेहाल कर रखा है। यह सामान्य से पांच डिग्री से भी ऊपर है। मौसमविदों का कहना है कि अब तक न्यूनतम पारा सामान्य से तीन डिग्री तक नीचे रहना चाहिए था। यानी अभी न्यूनतम पारा 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक पहुंच जाना चाहिए था जो अभी 24 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर है।

मौसमविदों ने बताया कि यह प्रभाव बंगाल की खाड़ी में हर हफ्ते बन रहे कम दबाव के क्षेत्र की वजह से हो रहा है। जब भी पारा गिरने की स्थिति आ रही पुरवा हवाएं नमी का प्रसार सूबे में कर रही हैं। इस वजह से रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना रह रहा है। दिन में अच्छी धूप खिलने की वजह से अधिकतम पारा भी 35 डिग्री के पार रह रहा है, जिससे लोग अक्टूबर के महीने में असहज करने वाली गर्मी महसूस कर रहे हैं।

24 के बाद गिरेगा पारा

पिछले दो दिनों से हवा की दिशा में बदलाव हुआ है। पछुआ बहने से न्यूनतम पारा दो डिग्री तक नीचे आया है। बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम विकसित हो रहा है, जिससे अगले दो दिनों में फिर से पुरवा बहने के आसार हैं लेकिन 24 से फिर से पछुआ का आगमन हो सकता है, जिससे न्यूनतम पारा तेजी से नीचे गिरेगा। इसके बाद मौसम में तेजी से बदलाव दिख सकता है।

देर तक रहेगी ठंड

विशेषज्ञों ने मौसमी सिस्टम के आधार पर यह आकलन किया है कि इस साल ठंड का आगमन बिहार में देर से होगा और यह अगले साल देर तक रहेगा। हालिया मौसमी सिस्टम यह संकेत दे रहे कि ठंड भी अच्छी खासी रहेगी और सूबे के कई जिलों में दिसम्बर मध्य से फरवरी के आरम्भ तक रुक रुककर शीतलहर का प्रकोप दिखेगा।

पिछले 24 घंटों में ऐसा रहा पारा

पिछले 24 घंटों में मौसम में आंशिक बदलाव दिखा है। न्यूनतम पारा गिरा है और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। पटना का अधिकतम पारा 36.4 जबकि न्यूनतम पारा 24.6 डिग्री रहा है। गया का अधितकम तापमान 33.3 डिग्री जबकि न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया। भागलपुर का अधिकतम पारा 35.8 जबकि न्यूनतम पारा 32.4 डिग्री रहा। पूर्णिया का अधिकतम पारा 34.2 जबकि न्यूनतम पारा 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

Back to top button