मामूली विवाद की वजह से पत्नी ने अपने ही पति को जलाया जिंदा

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर से न सिर्फ दिल दहला देने वाला बल्कि हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद में पत्नी ने कथित रूप से अपने ही पति को जिंदा जला दिया जिससे उसकी मौत हो गई. 

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि वारदात के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई. यह घटना सात फरवरी की है. पुलिस द्वारा कार्रवाई न किये जाने पर पुलिस अधीक्षक ने लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं. 

पुलिस ने बताया कि नगर कोतवाली के मेवालाल तालाब निवासी ननके (35) का अपनी पत्नी पूजा से मोबाइल पर बात करने को लेकर विवाद हो गया था. बात न करने देने से पूजा नाराज थी. गत सात फरवरी की रात ननके खाना खाकर सोने जा रहा था तभी पूजा ने ननके पर मिट्टी का तेल डालकर उसे जिंदा जला दिया. 

लुटेरों ने खुजली पाउडर फेंककर छीने लाखों

पुलिस के अनुसार चीख पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्यों ने दरवाजा तोड़कर ननके को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया. हालत गम्भीर होने पर डॉक्टरों ने ननके को लखनऊ भेजा जहां इलाज के दौरान कल उसकी मौत हो गई. 

मामला मीडिया में आने के बाद आज पुलिस ने मामला दर्ज किया. पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद ननके के भाई राजकुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी गई है. साथ ही मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गये हैं. 

Back to top button