अंग्रेजों की धरती पर देसी बाजार! रोड पर लगी झाड़ू-बर्तन की दुकान

लंबे समय से भारतीय लोग पढ़ने या व्यवसाय की वजह से ब्रिटेन जाते रहे हैं. कई तो ऐसे थे जो वहीं बस गए और सालों बाद उनकी पीढ़ियां आज भी वहां रहती हैं. जैसे-जैसे भारत विकसित हुआ, ज्यादा से ज्यादा भारतीय अंग्रेजों की धरती पर जाकर पैर जमाने लगे. अब आलाम ये है कि इंग्लैंड के कई इलाकों में सबसे ज्यादा भारतीय रहते हैं. इन दिनों एक वीडियो वायरल (Indian Market in England viral video) हो रहा है, जिसमें इंग्लैंड के शहर का हाल दिखाया गया है. जब आप रोड पर लगी मार्केट देखेंगे, तो आपको यकीन ही नहीं होगा कि वो इंग्लैंड है, बल्कि आपको शायद ऐसा लगे जैसे आप दिल्ली के चांदनी चौक का नजारा देख रहे हैं.

इंस्टाग्राम यूजर @siya_rawat05 ने हाल ही में अपने अकाउंट पर एक वीडियो कुछ वक्त पहले पोस्ट किया है, जिसमें इंग्लैंड के शहर साउथहॉल (Southall Indian market viral video) को दिखाया गया है. आपको जानकर हैरानी होगी कि इस शहर को मिनी इंडिया, या लिटिल पंजाब भी बोलते हैं. वो इसलिए क्योंकि साउथहॉल में अधिकतर लोग भारतीय मूल के हैं. आलम ये है कि यहां के मेट्रो स्टेशन के बाहर अंग्रेजी के साथ-साथ गुरमुखी लिपि में भी स्टेशन का नाम लिखा नजर आता है.

ब्रिटेन में दिखा भारतीय बाजार
वायरल वीडियो में साउथहॉल के मार्केट को दिखाया गया है. चूंकि इलाके में सबसे ज्यादा भारतीय रहते हैं, इस वजह से मार्केट में भी भारतीय सामान मिलते हैं. मार्केट पूरी तरह भारत के बाजारों की तरह दिखाई दे रही है. सड़क के किनारे कपड़ों की दुकानों से लेकर घर में काम आने वाली रोजमर्रा की चीजें, झाड़ू-बर्तन, चारपाई, भी यहां पर बिकती हुई दिखाई दे रही है. इसके अलावा लड़कियों के लहंगों की दुकानें, चादर-तकिया की शॉप्स भी हैं. सबसे मजेदार बात ये है कि इस मार्केट में जलेबी बनती दिख रही है और गोलगप्पे भी मिल रहे हैं.

वीडियो हो रहा है वायरल
इस वीडियो को 48 लाख व्यूज मिल चुके हैं जबकि कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक ने कहा कि ये तो जालंधर जैसा लग रहा है. वहीं एक ने कहा- पहले वो आए थे इंडिया, अब हमारी बारी है. एक ने कहा कि उसे ब्रिटेन के लिए बुरा नहीं लगता क्योंकि पहले उन्होंने ही सैकड़ों देशों पर खुद को थोपा, अब उन देशों के लोग यूके आना चाहते हैं.

Back to top button