ठंड से कांप उठी दिल्ली 4 डिग्री तक लुढ़का पारा, जानें पूरे हफ्ते का हाल

देश की राजधानी दिल्ली में ठंड लोगों को अभी और कंपकंपाएगी। इस हफ्ते दिल्ली का पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। हालांकि, बुधवार सुबह 9 बजे तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो मंगलवार से ज्यादा है। मंगलवार को यह 4.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। पहाड़ों पर जारी बर्फबारी को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से जारी हफ्ते भर के अनुमान के मुताबिक, दिल्लीवालों को इस पूरे हफ्ते कोहरे और हाड़ कंपाने वाली ठंड की मार झेलनी पड़ेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक दिल्ली में न्यूनतम तापमाम 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं, दिल्ली में कोहरे से भी कोई राहत नहीं मिलने वाली है। हालांकि, 19 दिसंबर से तापमान थोड़ा बढ़ सकता है और 21 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से दिल्ली में बर्फीली हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट जारी है।

बता दें कि मंगलवार से ही उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड बढ़ गई और कई राज्यों पर कोहरे की घनी चादर छाई रही। जबकि कश्मीर में रात्रि तापमान गिरकर शून्य से नीचे पहुंच गया। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कोहरे का असर बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, पारा अभी और गिरने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button