सोनम और आनन्द की शादी की तारीख हुई पक्की, शुरू हो गई शादी की तैयारियां…

कपूर खानदान में करीब 30 साल बाद सोनम कपूर की डोली उठने जा रही है। खबर है कि सोनम अपने बिजनेसमैन ब्वॉयफ्रेंड आनंद आहूजा से मई के पहले हफ्ते में शादी करने वाली हैं। कपूर खानदान की दोस्त और बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर फराह खान ने हाल ही में खुलासा करते हुए बताया था कि वह सोनम कपूर की शादी की संगीत सेरेमनी कोरियोग्राफ कर रही हैं।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में शादी की तारीख 7 और 8 मई बताई जा रही है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि शादी के लिए तीन बड़े फंक्शन रखे जायेंगे, जिनको तीन अलग-अलग जगहों पर सम्पन्न किया जायेगा। इस बीच फैशन आइकन सोनम कपूर को जूहू में स्थित स्पा से बाहर निकलते हुए देखा गया।
बेशक कपूर परिवार इस शादी को मीडिया से दूर रखना चाहता हो लेकिन परिवार में चल रही तैयारियों से तो जाहिर है कि सोनम की डोली जल्द उठने वाली है। इससे श्रीदेवी और बोनी कपूर की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर को डिजाइनर अनिता डोगरी के स्टोर के बाहर स्पॉट किया गया था।
खबरों की मानें तो कपूर खानदान लम्बे समय से सोनम कपूर की शादी की तैयारियां कर रहा है। संगीत सेरेमनी के लिए फराह खान खुद कपूर खानदान के सदस्यों के डांस परफॉर्मेंस के लिए कोरियोग्राफी करेंगी। शादी के बाद रिसेप्शन दिल्ली में भी होगा क्योंकि आनंद आहूजा का परिवार दिल्ली में रहता है।
आपको बता दें कि पहले सोनम कपूर और आन्नद आहूजा लंदन में शादी करने की सोच रहे थे लेकिन सोनम की दादी की खराब तबियत के चलते इसे भारत में ही करने का फैसला लिया गया है। सोनम और आनंद की शादी को लेकर लगातार कुछ न कुछ नई खबर आ रही है, लेकिन कपूर परिवार इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं दे रहा है।