चीन में एक बार फिर शुरू हुआ कोरोना का कहर, अधिकारियों को मिली शख्त चेतावनी

चीन में कोरोना महामारी एक बार फिर कहर बरपा रही है. इस वायरस के अति संक्रामक वेरिएंट ओमिक्रॉन के कारण कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़े हैं. पिछले एक महीने में 70 से अधिक अधिकारियों को वायरस को नियंत्रित करने में विफल रहने पर सजा दी गई है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, शीर्ष नेताओं ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि अगर वे महामारी की रोकथाम करने में विफल रहे तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह चेतावनी तब जारी की गई है जब स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंजूर किया है कि ज्यादातर मामलों में बहुत कम या कोई लक्षण नहीं दिखा, जिससे उन्हें अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया. अखबार ने दावा किया कि मौजूदा लहर के दौरान अपनी ड्यूटी निभाने में विफल रहने के लिए कम से कम 74 अधिकारियों को बर्खास्त या फटकार लगाई गई है.
इस बीच चीन में मंगलवार को 4,700 से अधिक संक्रमण के नए मामले सामने आए. जिनमें से अधिकांश केस उत्तर पूर्वी प्रांत जिलिन से दर्ज किए गए, जहां करीब 90 लाख से अधिक लोग लॉकडाउन के कारण घरों में बंद है.
इस शहर में यात्रा पर भी प्रतिबंध
जिलिन में यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दिया है और जिन नागरिकों को यात्रा करनी है उन्हें पुलिस को सूचित करना अनिवार्य है. जिलिन प्रांत की राजधानी चांगचुन में सामान्य लक्षण वाले मरीजों की संख्या में लगातार पांचवें दिन वृद्धि हुई है.
वहीं शेनयांग में कार मेकर बीएमडब्ल्यू की फैक्ट्री में मंगलवार को कोरोना के 47 नए मामले सामने आए. वहीं चीन की आर्थिक राजधानी शंघाई में सोमवार को स्थानीय संक्रमण के 865 केस मिले, जबकि पिछले दिन की संख्या 734 थी.
शेन्ज़ेन में सोमवार को घोषणा की गई कि वह सप्ताह भर के लॉकडाउन को व्यवस्थित तरीके से हटा देगा. यह ऐलान शुक्रवार को कारखानों और बंदरगाहों पर वायरस के प्रभाव को कम करने के लिए प्रतिबंदों में आंशिक ढील दी गई थी.





