महलकलां (बरनाला). हलका महलकलां से कांग्रेस की टिकट से चुनाव लड़कर तीसरे नंबर पर रहीं पूर्व एमएलए बीबी हरचंद कौर घनौरी शुक्रवार को जिला प्रशासन के सफाई पंद्रहवाड़े का शुभारंभ करने बीडीपीआे दफ्तर पहुंचीं। ऑफिस में सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की फोटो लगी होने पर वह बीडीपीआे सहित अन्य अधिकारियों पर भड़क गईं आैर सीएम की फोटो नहीं लगाने का कारण पूछा।

अधिकारियों ने कांग्रेस नेता का गुस्सा देख फोटो लगाने का आश्वासन देकर मुश्किल से जान छुड़ाई। इसके बाद बीबी हरचंद कौर बीडीपीआे की ही कुर्सी पर बैठ गई आैर काफी देर तक अधिकारियों को निर्देश देती रहीं लेकिन सत्ता में अपनी सरकार होने के नशे में यह भूल गईं कि अधिकारी की कुर्सी पर जनता की तरफ से नकारे गए नुमाइंदे को बैठने का कानूनन हक नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि कैप्टन ने चुनाव से पहले महलकलां में ही हलका इंचार्ज सिस्टम खत्म करने का ऐलान किया था। अब यहीं पर कांग्रेसियों द्वारा कैप्टन के वायदे को तोड़े जाने की चर्चा जिले के लोगों में छिड़ी हुई है। आप के जिला प्रधान काला ढिल्लों ने कहा कि अकाली कांग्रेसी एक ही थैले के चट्टे-बट्टे हैं। इस घटना से ये साफ हो गया है। लोगों की तरफ से नकारे लोग अपने आप को साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
कार्यपालिका के अधिकारी की कुर्सी पर बैठने का हक लोगों द्वारा चुने गए एमएलए या एमपी को ही होता है। वह भी सिर्फ अपने विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र में। सिर्फ अपनी पार्टी के सत्ता में होने के बल पर कोई भी नेता कार्यपालिका के किसी भी अफसर की कुर्सी पर नहीं बैठ सकता।
बीडीपीओ से होगी जवाब तलबी : डीसी
जिलेके डीसी घनश्याम थोरी ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है। बीडीपीओ से जबाव तलबी की जाएगी। ऐसा क्यों हुआ। इसका कारण जानकर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी।