क्रिसमस पर ठंडी हवाओं का रहेगा प्रकोप, राजधानी दिल्ली में बढ़ेगी ठंड
नई दिल्ली। क्रिसमस पर ठंडी हवाओं का प्रकोप एक बार फिर आपको कंपकंपाने पर मजबूर कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में खासी गिरावट आ सकती है। तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। इसके अलावा साल के अंतिम दिनों में कोहरा भी लोगों की परेशानियां बढ़ा सकता है।
दिल्ली में हवाओं की गति कम होने से अधिकतम तापमान काफी तेजी से बढ़ा। शुक्रवार को तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। लेकिन अब दिल्ली में उत्तर पश्चिम की तरफ से आने वाली हवाएं पहुंचना शुरु हो गई है। यह हवाएं ठंडी और कम नमी वाली है।
स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार इन हवाओं की वजह से दिल्ली में आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी। अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। वहीं मौसम का पूर्वानुमान देने वाली एक वेबसाइट के अनुसार 23 व 24 दिसंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और क्रिसमस के दिन यह 19 डिग्री तक सिमट जाएगा।
इसकी वजह से दिन के समय भी लोगों को ठंड का अहसास होगा। वहीं 28 दिसंबर से 5 जनवरी तक हवाओं की गति भी काफी कम रहेगी। इस दौरान हवाएं 2 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलेंगी। हवाओं की कम गति की वजह से इस दौरान कोहरा लोगों की परेशानियां बढ़ा सकता है।





