CNN के संस्थापक टेड टर्नर का 87 वर्ष की आयु में निधन

अमेरिकी मीडिया जगत के दिग्गज और सीएनएन के संस्थापक टेड टर्नर का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की जानकारी टर्नर एंटरप्राइजेज की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।

टेड टर्नर को दुनिया भर में 24 घंटे न्यूज चैनल मॉडल की शुरुआत करने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने जब सीएनएन की स्थापना की थी, तब यह एक जोखिम भरा प्रयोग माना गया था, लेकिन समय के साथ यही विचार वैश्विक मीडिया की सबसे बड़ी पहचान बन गया।

टेड टर्नर ने दी पत्रकारिता को नई दिशा

सीएनएन ने पहली बार दुनिया को यह अनुभव कराया कि समाचार केवल निश्चित समय तक सीमित नहीं होते, बल्कि उन्हें लगातार लाइव और रियल टाइम में देखा जा सकता है। इस बदलाव ने न केवल पत्रकारिता की दिशा बदली, बल्कि दर्शकों के समाचार देखने और समझने के तरीके को भी पूरी तरह बदल दिया।

1991 में टाइम मैगजीन ने टर्नर को मैन ऑफ द ईयर के खिताब से सम्मानित किया था। उस समय उन्हें ऐसे व्यक्ति के रूप में सराहा गया, जिसने वैश्विक घटनाओं के प्रवाह को प्रभावित किया और 150 देशों के दर्शकों को इतिहास का सीधा साक्षी बना दिया।

Back to top button