सीएम योगी और 4 मंत्री आज लेंगे MLC पद की शपथ, सभी नेताओं ने जीता है निर्विरोध चुनाव
लखनऊ. सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव मौर्या, दिनेश शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह और राज्यमंत्री मोहसिन रजा विधान परिषद की सदस्यता की शपथ लेंगे। विधान भवन के तिलक हॉल में विधान परिषद के सभापति सोमवार सुबह 11 बजे दिलाएंगे। बता दें कि सीएम योगी सहित डिप्टी सीएम व राज्यमंत्री विधानमंडल के किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे। नियम के मुताबिक, मंत्रिमंडल की शपथ लेने के छह महीने के अंदर विधानमंडल की सदस्यता लेनी होती है। सीएम योगी, डिप्टी सीएम सहित अन्य मंत्रियों ने पांच सितंबर को विधान परिषद की सदस्यता के लिए नामांकन किया था।

किसकी जगह किसने किया था नॉमिनेशन
1. यशवंत सिंह की जगह पर योगी आदित्यनाथ: सपा के एमएलसी यशवंत ने 29 जुलाई को उत्तरप्रदेश विधान परिषद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में इन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर ली थी।
2. अशोक वाजपेयी की जगह पर दिनेश शर्मा: सपा के अशोक ने भी 9 अगस्त 2017 को इस्तीफा दिया था। इनका कार्यकाल 30 जनवरी 2021 को खत्म होगा। इन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर ली थी।
3. बुक्कल नवाब की जगह केशव मौर्य: सपा के एमएलसी बुक्कल नवाब ने 29 जुलाई 2017 को विधानपरिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर ली थी।
4. सरोजनी अग्रवाल की स्वतंत्र देव सिंह: सपा की ही डॉ सरोजनी अग्रवाल ने 4 अगस्त 2017 को इस्तीफा दिया था। इनका कार्यकाल 30 जनवरी 2021 को खत्म हो रहा है, बाद में इन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर ली थी।
5. डॉक्टर जयवीर सिंह की जगह मोहसिन रजा: बीएसपी से एमएलसी ठाकुर जयवीर सिंह ने इस्तीफा दिया था। इनका कार्यकाल 5 मई 2018 तक था। इस खाली सीट पर 18 सितंबर को चुनाव होगा।





