सीएम योगी ने नवरात्र के पहले दिन आदिशक्ति मां पाटेश्वरी देवीपाटन शक्तिपीठ की पूजा-अर्चना

चैत्र नवरात्र पर्व के पहले दिन शनिवार को लोगों ने सुबह ही अपने घरों में कलश स्थापित किया और मां दुर्गा की आराधना प्रारंभ कर दी। मंदिरों में नवरात्र की तैयारी कई दिनों पहले से ही शुरू हो गई थी। नवरात्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में आदिशक्ति मां पाटेश्वरी देवीपाटन शक्तिपीठ में सुबह पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री पीठ परिसर स्थित गौशाला पहुंचे जहां उन्होंने गायों को हरा चारा खिलाया। पूजा अर्चना व गौ सेवा के बाद वह सुबह 9:30 बजे संचारी रोग दस्तक अभियान की शुरुआत करने के लिए भवनियापुर स्थित हेलीपैड से जनपद सिद्धार्थनगर के लिए रवाना हो गए।

इसके पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने भारतीय प्रतिपदा नवसंवत्सर 2079, नवरात्र एवं चेटीचंद जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की है। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय काल गणना के अनुसार प्रतिपदा नवसंवत्सर के दिन ही सृष्टि की रचना हुई थी। इस दिन से ही चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नवरात्र आरंभ होते हैं। नए वर्ष में हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि सामाजिक कुरीतियों को त्यागकर विकास में भागीदार बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि चैत्र नवरात्र प्रकृति और शक्ति की उपासना का पर्व है। चैत्र नवरात्र से ही नववर्ष के पंचांग की गणना शुरू होती है। इस समय मौसम में परिवर्तन भी होता है। इसलिए धर्म, अध्यात्म, ज्योतिष के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टि से भी नवरात्र का महत्व है।

उन्होंने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान देते हुए नवरात्र के धार्मिक अनुष्ठान करने की अपील की है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र दयालु, योगेंद्र उपाध्याय, भूपेंद्र सिंह चौधरी, एके शर्मा ने भी प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अक्सर शक्तिपीठ में दर्शन के लिए आते रहते हैं। नवरात्र के पहले दिन पूजा करने के लिए वह शुक्रवार को ही यहां आ गए थे। यहीं पर रात्रि विश्राम किया और सुबह पूजन किया।

Back to top button