चीन में तेजी से बढ़ रहा है क्यूआर का चलन, एक लाख पेड़ों से बनाया क्यूआर कोड

उत्तरी चीन ने क्यूआर कोड बनाने के लिए हेबई में मौजूद जिलशिनोई गांव के पेड़ों की कांट-छांट की ताकि आसमान या ऊंचाई से स्कैन करने के बाद पर्यटक उस गांव से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें। प्रशासन ने इस क्यूआर कोड को स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया है। बताते चलें कि क्यूआर कोड चीन में काफी प्रसिद्ध है और आम जनता से लेकर दुकानदार तक इसका खूब इस्तेमाल करते हैं। इस क्यूआर कोड को बनाने के लिए 80 सेंटीमीटर से 2.5 मीटर तक की ऊंचाई वाले पेड़ इस्तेमाल किए गए हैं। इसकी लंबाई और चौड़ाई 744 फुट है।

चीन में तेजी से बढ़ रहा है क्यूआर का चलन

जानकारी के मुताबिक हाल ही कुछ सालों में चीन में क्यूआर कोड का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। हालांकि अमेरिका और यूरोप जैसे देशों में क्यूआर कोड का इस्तेमाल सोशल मीडिया और मैसेजिंग एप (फेसबुक, मैसेंजर और  स्नैपचैट) के लिए किया जाता है, मगर चीन में क्यूआर कोड का अधिकतर इस्तेमाल मुद्रा लेन-देन के लिए किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: 3.2 किलोमीटर लंबी साड़ी पहनकर पैदल चली दुल्हन, संभालने के लिए लगी 250 छात्राएं

क्यूआर कोड के ऊपर शोध करने वाली एक संस्था के डिप्टी डायरेक्टर शेन वेई के मुताबिक चीन में क्यूआर कोड से लेन-देन बहुत तेजी से बढ़ रहा है। चीन में बीते साल लगभग 1.65 ट्रिलियन डॉलर का लेन-देन मोबाइल के जरिए किया गया, जिसमें क्यूआर कोड भी शामिल है।

ऐसा पहली बार नहीं है जब चीन ने इतना बड़ा क्यूआर कोड बनाया है। इससे पहले भी चीन में एक रेस्टोरेंट ने दो हजार कर्मचारी का इस्तेमाल करके दुनिया का सबसे बड़ा इंसानी क्यूआर कोड बनाया था। इस क्यूआर कोड को बनाने के लिए कर्मचारियों ने छातों का इस्तेमाल किया था। यह क्यूआर कोड शेनजेन शहर में बनाया गया था। यह फोटो 80 फुट ऊंचाई से ली गई है और कई वेबसाइट के मुताबिक यह क्यूआर कोड स्कैन करने पर जानकारी उपलब्ध कराता है।

क्या होता है क्यूआर कोड

क्यूआर कोड को सबसे पहले जापान में ऑटोमोटिव उद्योग के लिए तैयार किया गया था। क्यूआर कोड में बहुत सारी जानकारी सेव कर सकते हैं जैसे कैलेंडर के कार्यक्रम, फोन नंबर, टेक्स्ट संदेश, उत्पाद विवरण और ईमेल संदेश इत्यादि। ये उन्नत और मशीनों के पढ़ने योग्य यूपीसी बारकोड की तरह काम करते हैं और उत्पादों के पैकेजिंग, व्यवसाय विंडो, बिलबोर्ड, साइनबोर्ड, व्यवसायिक कार्ड और विज्ञापनों पर प्रयोग किए जा सकते हैं और प्रोडक्ट को ट्रैक करने तथा चीजों को पहचानने में भी प्रयोग किए जा सकते हैं।

Back to top button