रामनगरी अयोध्या में पहली बार भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री एक साथ करेंगे रामलला के दर्शन

रामनगरी अयोध्या में पहली बार भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री बुधवार को एक साथ रामलला के दर्शन करेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ 11 राज्यों के मुख्यमंत्री और उनके परिवार अयोध्या पहुंच गए हैं। सांसद लल्लू सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने हवाई पट्टी पर अतिथियों की अगुवानी की। अयोध्या पहुंचे जेपी नड्डा ने कहा कि दिल की तमन्ना थी कि भव्य राम मंदिर बने। यह खुशी की बात है कि करोड़ों भारतीयों का सपना साकार हो रहा है। इस दौरान सभी अतिथियों ने अयोध्या में सरयू घाट पर पूजन और आरती की और फिर हनुमानगढ़ी दर्शन के लिए पहुंचे।

अयोध्या पहुंचे भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने मां सरजू में पूजन अर्चन किया। इस दौरान पेमा खांडू मुख्यमंत्री अरुणाचल प्रदेश,एन. बिरेन सिंह मुख्यमंत्री मणिपुर, बिपलब कुमार देव मुख्यमंत्री त्रिपुरा, रेणु देवी उपमुख्यमंत्री बिहार, शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश सपत्नीक, प्रमोद सावंत मुख्यमंत्री गोवा सपत्नीक, तारकेश्वर प्रसाद उपमुख्यमंत्री बिहार सपत्नीक, मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री हरियाणा, भूपेंद्र भाई पटेल मुख्यमंत्री गुजरात सपत्नीक, चोना मीन उपमुख्यमंत्री अरुणाचल प्रदेश, हिमंत बिस्वसरमा मुख्यमंत्री आसाम, जेपी नड्डा अध्यक्ष बीजेपी, अमित कुमार, धर्मेश कुमार, विनय सहस्रबुद्धे सांसद, राज्यसभा ने किया सरयू में दर्शन पूजन के बाद माता जी की आरती उतारी। यहां से सभी नेता हनुमानगढ़ी दर्शन के लिए पहुंचे।

रामजन्मभूमि पर मंदिर के भूमि पूजन के बाद से ही विशिष्ट हस्तियों का अयोध्या आना जारी है। इसी वर्ष राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द भी ने रामलला का दर्शन किया था। भाजपा नेताओं के अब तक के सबसे बड़े कुंभ में सिर्फ 12 राज्यों के मुख्यमंत्रीगण व उनके परिवार शामिल होंगे, बल्कि भाजपा के मुखिया जेपी नड्डा भी पहुंचे हैं। यह पहली बार है कि इतने राज्यों के मुख्यमंत्री एक साथ रामलला का दर्शन करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही राज्य के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य भी आ रहे हैं।

सभी अतिथि पंचशील होटल जाएंगे, जहां कुछ देर के विश्राम के बाद सभी रामजन्मभूमि, हनुमानगढ़ी, राम की पैड़ी व सरयू तट पर दर्शन-पूजन करेंगे। हवाई पट्टी, होटल पंचशील, सरयू आरती स्थल व हनुमानगढ़ी पर भाजपा नेता जेपी नड्डा व मुख्यमंत्रियों का स्वागत करेंगे। दोपहर दो बजे रामजन्मभूमि परिसर में ही भाजपा अध्यक्ष व मुख्यमंत्रीगण श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय व सदस्यों से मुलाकात करेंगे।

अयोध्या में बुधवार को कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं अन्य विशिष्टजनों के आगमन के दृष्टिगत जिलाधिकारी नितीश कुमार ने अधिकारियों के साथ हवाईपट्टी समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। सायं आइजी केपी सिंह, जिलाधिकारी एवं एसएसपी शैलेंश पांडेय ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों की पुलिस लाइन में ब्रीफिंग की। सभी वीवीआइपी काशी से रामनगरी आएंगे। सुबह 10 बजे के बाद पहुंचने का कार्यक्रम है। काशी से सीधे ये सभी हवाई पट्टी और फिर वहां से पंचशील होटल पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button